Bihar News:बिहार को IT, FinTech और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में निवेश का बड़ा केंद्र बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने प्रयास तेज कर दिए हैं। इसी कड़ी में सिंगापुर फिनटेक फेस्टिवल-2026 में बिहार का प्रतिनिधिमंडल वैश्विक कंपनियों और वित्तीय संस्थानों के साथ निवेश और तकनीकी साझेदारी की संभावनाएं तलाश रहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में सूचना प्रावैधिकी विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह की अगुवाई में पहुंचा प्रतिनिधिमंडल Mastercard, Emirates NBD Bank और PropelGo जैसी कंपनियों के साथ महत्वपूर्ण बैठकें कर चुका है।
इन बैठकों में बिहार में ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) की स्थापना, डिजिटल भुगतान, स्टार्टअप इकोसिस्टम, तकनीकी कौशल विकास और रोजगार के नए अवसरों पर चर्चा हुई। राज्य सरकार का लक्ष्य वैश्विक कंपनियों को बिहार में निवेश के लिए आकर्षित करना और यहां के युवाओं को आधुनिक तकनीकी क्षेत्रों से जोड़ना है।
सिंगापुर में बिहार की तकनीकी क्षमता का प्रदर्शन
18 से 20 नवंबर तक सिंगापुर एक्सपो में आयोजित सिंगापुर फिनटेक फेस्टिवल-2026 में बिहार ने अपना पवेलियन लगाया है। इसके जरिए वैश्विक निवेशकों, बहुराष्ट्रीय कंपनियों, वित्तीय संस्थानों और नवाचारकर्ताओं के सामने राज्य की IT नीतियों, तकनीकी आधारभूत संरचना और निवेश की संभावनाओं को प्रस्तुत किया जा रहा है।
18 नवंबर को बिहार पवेलियन का उद्घाटन सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक एम्बुले और इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गेनाइजेशन (ITPO) के अध्यक्ष जावेद अशरफ की मौजूदगी में हुआ। इस दौरान केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी और सिंगापुर सरकार के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने भी बिहार पवेलियन का दौरा किया। उन्हें राज्य के उभरते IT और FinTech इकोसिस्टम की जानकारी दी गई।
Mastercard और Emirates NBD Bank के साथ हुई अहम बैठक
फेस्टिवल के दूसरे दिन यानी 19 नवंबर को बिहार के सूचना प्रावैधिकी विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह ने Mastercard के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रजत माहेश्वरी के साथ बैठक की। इसमें बिहार में ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (GCC) स्थापित करने की संभावनाओं पर चर्चा हुई। बैठक में राज्य के कुशल मानव संसाधन, IT इकोसिस्टम और निवेश अनुकूल नीतियों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
वहीं, Emirates NBD Bank के सीनियर मैनेजर Fuad Alawadhi के साथ डिजिटल टैलेंट डेवलपमेंट, स्टार्टअप इनक्यूबेशन और इकोसिस्टम पार्टनरशिप पर बातचीत हुई। बैंक के नेशनल डिजिटल टैलेंट इन्क्यूबेटर (NDTI) के अनुभव और वैश्विक विशेषज्ञता के जरिए बिहार के स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने की संभावनाएं तलाशी गईं।
इसके अलावा B2B पेमेंट सॉल्यूशंस कंपनी PropelGo के को-फाउंडर अरविंद सिंह के साथ भी बैठक हुई। इसमें बिहार में कंपनी के परिचालन के विस्तार, डिजिटल भुगतान व्यवस्था को मजबूत करने और नए व्यावसायिक अवसर विकसित करने पर चर्चा की गई।
AI और GCC सेक्टर में निवेश की संभावनाएं
बिहार के प्रतिनिधिमंडल ने फेस्टिवल के दौरान Hitachi, Nucleus Software Exports Limited और LIMINAL समेत कई कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ भी बातचीत की। इसके अलावा Razorpay, Surfin, Accion और Spice Money जैसी कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ निवेश और तकनीकी सहयोग के अवसरों पर संवाद किया गया।
इस आयोजन में बिहार की आर्यभट्ट दृष्टि (Aryabhata Drishti) परियोजना को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया। बिहार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मिशन के तहत Global Finance & Technology Network (GFTN) के सहयोग से संचालित इस पहल का उद्देश्य राज्य में AI और डेटा आधारित तकनीकों के इस्तेमाल को बढ़ावा देना है। GFTN के प्रतिनिधियों के साथ भी तकनीकी नवाचार और संभावित साझेदारी पर चर्चा हुई।
IT Policy और AI Policy से निवेश को मिलेगा बढ़ावा
बिहार के सूचना प्रावैधिकी मंत्री नितीश मिश्रा के अनुसार, राज्य में IT और ITES सेक्टर में निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए कई नीतिगत पहल की गई हैं। इनमें Bihar IT Policy 2024, Global Capability Centre (GCC) Policy 2026 और Bihar AI Policy 2026 शामिल हैं।
इन नीतियों के जरिए वैश्विक IT कंपनियों, तकनीकी उद्यमों, स्टार्टअप्स और GCC के लिए निवेश अनुकूल माहौल तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है। सरकार का जोर डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार, AI के इस्तेमाल, तकनीकी कौशल विकास और युवाओं के लिए रोजगार एवं उद्यमिता के अवसर बढ़ाने पर है।
सिंगापुर फिनटेक फेस्टिवल में बिहार का प्रतिनिधिमंडल आगे Google Cloud, Paytm, Ant Financial और Linux Foundation समेत कई अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ भी बैठक करेगा। राज्य सरकार की कोशिश है कि इन वैश्विक बैठकों को ठोस निवेश प्रस्तावों, तकनीकी सहयोग और दीर्घकालिक साझेदारियों में बदला जा सके।
Also read: Bihar News: बिहार में हर घर पहुंचेगा साफ पानी, CM सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश