Uttar Pradesh News:उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे लोगों को मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि पैसों की कमी के कारण किसी का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने कहा कि हर जरूरतमंद और पात्र व्यक्ति का आयुष्मान कार्ड बनवाया जाएगा। इसके बावजूद इलाज के लिए आर्थिक मदद की जरूरत पड़ने पर मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से सहायता दी जाएगी।
शुक्रवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर जनता दर्शन का आयोजन किया गया। यहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 150 लोगों से मुलाकात की और उनके पास पहुंचकर समस्याएं सुनीं। उन्होंने लोगों के प्रार्थना पत्र अपने हाथों में लेकर पढ़े और संबंधित शिकायतों पर संज्ञान लिया।मुख्यमंत्री ने लोगों को आश्वस्त किया कि वे परेशान न हों और चिंता न करें, सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के लिए उनके साथ खड़ी है।
आयुष्मान कार्ड के बाद भी जरूरत पड़ी तो मिलेगा फंड
जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे लोगों को मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से आश्वस्त किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर जरूरतमंद और पात्र व्यक्ति का आयुष्मान कार्ड बनवाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि बीमारी की स्थिति में उसे इलाज की सुविधा मिल सके। सीएम योगी ने कहा कि आयुष्मान कार्ड से उपचार की सुविधा मिलने के बाद भी यदि किसी मरीज को आर्थिक सहायता की जरूरत पड़ती है तो मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से मदद उपलब्ध कराई जाएगी। सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि आर्थिक तंगी किसी के इलाज में बाधा न बने।
जमीन पर कब्जे की शिकायतों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
जनता दर्शन के दौरान जमीन पर अवैध कब्जे से जुड़ी शिकायतें भी सामने आईं। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।उन्होंने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों से कहा कि जनता की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए। सभी मामलों का समाधान तय समयसीमा के भीतर, निष्पक्ष तरीके से और शिकायतकर्ता की संतुष्टि के अनुसार सुनिश्चित किया जाए।
Also read: UP News: कानपुर के राधिका अपार्टमेंट में भीषण आग, महिला और 15 साल के बच्चे की मौत; 8 लोगों का रेस्क्यू