
Crime In Delhi:दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-24 इलाके से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक शख्स लड़की के भेष में आया और महिला फिजियोथेरेपिस्ट पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। बाद में पता चला कि हमला करने वाला कोई और नहीं, बल्कि पीड़िता का जीजा है। फिलहाल, पीड़िता की हालत गंभीर बताई जा रही है और पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी प्लानिंग के तहत रोहिणी सेक्टर-24 स्थित क्लीनिक पहुंचा। पहचान छिपाने के लिए उसने लड़की के कपड़े पहन रखे थे। जैसे ही वह क्लीनिक के अंदर पहुंचा, उसने मौका पाकर महिला फिजियोथेरेपिस्ट पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। फिजियोथेरेपिस्ट पर हुए इस हमले से क्लीनिक के आस-पास हड़कंप मच गया।
आरोपी को स्थानीय लोगों ने पकड़ा
वहीं, हमले के बाद आरोपी ने भागने का प्रयास किया लेकिन पीड़िता की चीख-पुकार सुनकर आस-पास के लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए भाग रहे आरोपी को पकड़ लिया। जब लोगों ने उसे पकड़ा, तब खुलासा हुआ कि लड़की के कपड़ों के पीछे छिपा हमलावर असल में पीड़िता का जीजा है। लोगों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी और आरोपी को उनके हवाले कर दिया। वहीं, चाकू के प्रहार से फिजियोथेरेपिस्ट बुरी तरह घायल हो गई है। उन्हें तुरंत नजदीकी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम लागातर उनकी निगरानी कर रही है।
हमले का कारण स्पष्ट नहीं
पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल किए गए चाकू और अन्य संदिग्ध सामान जब्त कर लिया है। शुरुआती छानबीन में पता चला है कि आरोपी पीड़िता का जीजा है, हालांकि हमले का असली कारण अभी साफ नहीं हो पाया है। बता दें कि आरोपी हमला करके क्लीनिक के टॉप फ्लोर पर भाग गया था, जहां कपड़े बदलने के बाद साथ वाली छत से अन्य छतों से होता हुआ भागने का प्रयास किया, लेकिन लोगों ने आरोपी शख्स को पकड़ लिया। वहीं, हमला होने के बाद फिजियोथेरेपिस्ट चिल्लाते हुए बाहर आ गई।
Leave a comment