
नई दिल्ली: NDTV वर्ल्ड समिट कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संबोधित किया। उन्होंने कहा, "दुनिया में मची उथल-पुथल के बीच भारत उम्मीद की एक किरण बना है। जब दुनिया चिंता में डूबी है तब भारत आशा का संचार कर रहा है। चुनौतियां भारत के सामने भी हैं लेकिन एक सेंस ऑफ पॉजिटिविटी यहां है। जिसे हम सब महसूस कर रहे हैं। इसलिए आज भारत की शताब्दी की बात हो रही है। भारत की गति, भारत का विकास अभूतपूर्व है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमारे तीसरे कार्यकाल के 125 दिनों में हमने गरीबों के लिए 3 करोड़ नए पक्के घरों को मंजूरी दी है। 9 लाख करोड़ के इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट पर काम शुरू किया है। 8 नए एयरपोर्ट का काम शुरू हुआ है। युवाओं के लिए 2 लाख करोड़ रुपए का पैकेज दिया है। उन्होंने कहा कि 125 दिनों में हमारे सेंसेक्स और निफ्टी में 6-7% की बढ़ोतरी हुई है। हमारा फॉरेक्स 650 बिलियन डॉलर से बढ़कर 700 बिलियन डॉलर के पार कर चुका है।
दुनिया का वर्तमान और भविष्य AI से जुड़ा है- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया का वर्तमान और भविष्य AI से जुड़ा है। लेकिन भारत के पास डबल AI की ताकत है। दुनिया की नजर में सिर्फ एक AI यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस है। लेकिन भारत के पास एस्पायरिंग इंडिया भी है। उन्होंने कहा कि जब एस्पायरिंग इंडिया और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की ताकत मिलती है, तब विकास की गति भी तेज होनी स्वाभाविक है।
हमारा देश युवा है इसकी क्षमता हमें नई ऊंचाइयों तक ले जा सकती है- पीएम मोदी
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में से एक है और इसकी क्षमता हमें नई ऊंचाइयों तक ले जा सकती है। इसके लिए अभी हमें बहुत काम करना है और हमें इसे जल्दी करना होगा। उन्होंने कहा कि अब सफलता का पैमाना सिर्फ यह नहीं है कि हमने क्या हासिल किया, बल्कि यह है कि हमारा अगला लक्ष्य क्या है और हमें कहां पहुंचना है।
Leave a comment