Delhi Crime: दिल्ली के होटल में ब्रिटिश महिला से दरिंदगी, इंस्टाग्राम पर रची गई साजिश

Delhi Crime: दिल्ली के होटल में ब्रिटिश महिला से दरिंदगी, इंस्टाग्राम पर रची गई साजिश

Delhi Crime News: दिल्ली के महिपालपुर स्थित एक होटल में ब्रिटिश महिला के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को दुष्कर्म और उसके साथी को छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार किया है।पुलिस के अनुसार, पीड़िता की मुलाकात आरोपी कैलाश से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर हुई थी। दोनों के बीच लगातार बातचीत होती रही। इसी दौरान महिला ने भारत घूमने का फैसला किया।

महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि वह पहले महाराष्ट्र और गोवा यात्रा पर गई थी। उसने कैलाश से मिलने की इच्छा जताई, लेकिन आरोपी ने खुद यात्रा करने में असमर्थता जताई और महिला को दिल्ली बुला लिया। इसके बाद, महिला ने महिपालपुर स्थित एक होटल में कमरा बुक किया।

होटल में घटना, पुलिस ने तुरंत की कार्रवाई

महिला का आरोप है कि होटल में उसके साथ दो लोगों ने जबरन दुष्कर्म किया। घटना के बाद उसने तुरंत दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने होटल के कमरे और आसपास के इलाकों से सबूत जुटाए हैं। होटल के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है ताकि घटना से जुड़े अन्य तथ्य सामने आ सकें।

इंस्टाग्राम पर एक्टिव था आरोपी, रील बनाने का शौक

पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी कैलाश पूर्वी दिल्ली के वसुंधरा मयूर विहार का रहने वाला है। उसे इंस्टाग्राम पर रील बनाने और शेयर करने का शौक था। इसी के चलते उसने कई लोगों से दोस्ती की, जिसमें पीड़िता भी शामिल थी।

महिला का विश्वास जीतने के लिए कैलाश ने खुद को एक सफल सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बताया। उसने महिला को मिलने के लिए प्रेरित किया। आखिरकार, महिला भारत आई और आरोपी से मिली।

ब्रिटिश उच्चायोग को दी गई जानकारी, जांच जारी

दिल्ली पुलिस ने इस मामले की जानकारी ब्रिटिश उच्चायोग को दे दी है। पुलिस अब महिला के बयान, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य सबूतों के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है।

साथ ही, पुलिस होटल स्टाफ से भी पूछताछ कर रही है ताकि घटना के समय की गतिविधियों का पता लगाया जा सके। यह भी जांच की जा रही है कि क्या आरोपी पहले भी इस तरह के मामलों में शामिल रहा है।

Leave a comment