Delhi Metero:दिल्ली-NCR में मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। दिल्ली मेट्रो नेटवर्क को और बेहतर बनाने की दिशा में मजेंटा लाइन पर चार ट्रिपल इंटरचेंज स्टेशन जुड़ने से यात्रियों को कनेक्टिविटी का फायदा मिलेगा। इससे अलग-अलग मेट्रो लाइनों के बीच बदलकर सफर करना आसान हो सकेगा और यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए बेहतर विकल्प मिलेंगे।
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) की विस्तार योजना के तहत मजेंटा लाइन पर चार ट्रिपल इंटरचेंज स्टेशन विकसित किए जाएंगे। इनमें आजादपुर, नई दिल्ली, केंद्रीय सचिवालय और इंद्रलोक शामिल हैं। इन स्टेशनों पर यात्रियों को तीन अलग-अलग मेट्रो कॉरिडोर के बीच बदलकर सफर करने की सुविधा मिलेगी।
- आजादपुर: येलो, पिंक और मजेंटा लाइन के बीच कनेक्टिविटी।
- नई दिल्ली: येलो लाइन, एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन और प्रस्तावित ग्रीन लाइन के बीच कनेक्टिविटी।
- केंद्रीय सचिवालय: येलो, वायलेट और मजेंटा लाइन के बीच कनेक्टिविटी।
- इंद्रलोक: मजेंटा लाइन के विस्तार के साथ तीन मेट्रो कॉरिडोर को जोड़ने की योजना।
89 किलोमीटर लंबी होगी मजेंटा लाइन
मजेंटा लाइन का विस्तार पूरा होने के बाद यह बॉटनिकल गार्डन से इंद्रलोक तक करीब 89 किलोमीटर लंबी हो जाएगी। इस कॉरिडोर पर कुल 65 स्टेशन होंगे, जिनमें 40 भूमिगत स्टेशन शामिल हैं। विस्तार के बाद इस लाइन पर इंटरचेंज स्टेशनों की संख्या बढ़कर 21 होने की योजना है।
यात्रियों को क्या होगा फायदा?
मेट्रो नेटवर्क के विस्तार से दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों के बीच आवाजाही आसान होने की उम्मीद है। यात्रियों को कई यात्राओं में कम इंटरचेंज करने पड़ सकते हैं, जिससे समय की बचत होगी। इसके अलावा, प्रमुख मेट्रो कॉरिडोर पर यात्रियों का दबाव कम करने और दिल्ली-NCR की कनेक्टिविटी बेहतर बनाने में भी मदद मिल सकती है।