
Delhi Firing: दिल्ली में अपराधियों के हौसले बुलंद है। राजधानी दिल्ली में लगातार अपराधिक घटनाओं में इजाफा हो रहा है। इसी बीच बीती रात दिल्ली के ज्योति नगर इलाके में देर रात दो गुटों के बीच आपसी रंजिश के चलते ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना हुई। इस गोलीबारी में 5 लोग घायल हो गए, जिन्हें तुरंत गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने ज्योति नगर थाने में मामला दर्ज कर लिया है और घटना में शामिल लोगों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, यह विवाद आपसी रंजिश से जुड़ा हुआ प्रतीत होता है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की। अभी तक घायलों की स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं मिली है, लेकिन जांच जारी है। पीड़ित परिवार के अनुसार, पवन मलिक नाम का व्यक्ति दिल्ली से बिजली चोरी कर उत्तर प्रदेश में सप्लाई करता था। जिसकी हमने पुलिस में शिकायत की थी। इसी का बदला लेने के लिए पवन ने इस घटना को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि पवन ने तीन लोगों को गोली मारी। फिर क्रॉस एफआईआर दर्ज कराने की नीयत से पवन मलिक ने अपने ही दो साथियों को गोली मारी।
पांच लोग घायल हो गए- पुलिस
डीसीपी नॉर्थ ईस्ट अभिषेक मिश्रा ने कहा कि "गोलीबारी की घटना में पांच लोग घायल हो गए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ज्योति नगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। हमारे पास घटना में शामिल लोगों के बारे में कुछ सुराग हैं। आगे की जांच जारी है।"
Leave a comment