Delhi Police Action:दिल्ली पुलिस ने कुख्यात टिल्लू ताजपुरिया गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पवन उर्फ मक्खी के रूप में हुई है।
उस पर अलीपुर इलाके में एक कारोबारी का अपहरण करने और पिस्टल की नोक पर जबरन समझौता पत्र पर हस्ताक्षर करवाने का आरोप है। आउटर नॉर्थ जिला पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने 21 नवंबर को दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी वारदात के बाद से लगातार अपने ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बच रहा था।
पवन पर कई आपराधिक मुकदमे
दिल्ली पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूरा मामला पुराने आपराधिक विवाद से जुड़ा है। आरोप है कि पवन और उसके साथियों ने कारोबारी पर पहले से दर्ज एक मुकदमे को वापस लेने और अदालत में गवाही नहीं देने का दबाव बनाया था। कारोबारी ने जब उनकी बात मानने से इनकार कर दिया तो आरोपियों ने उसे डराने-धमकाने की योजना बनाई। जांच में सामने आया कि 27 अक्टूबर को आरोपी और उसके साथियों ने कथित तौर पर कारोबारी को गाड़ी में अगवा कर लिया। इसके बाद उसे अलग-अलग स्थानों पर घुमाया गया। इस दौरान पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी गई और जबरन समझौता दस्तावेज पर हस्ताक्षर करवा लिए गए।
स्कॉर्पियो से किया था अपहरण, एक आरोपी पहले ही गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में नरेंद्र उर्फ भोलू नाम के एक सह-आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। उसकी गिरफ्तारी के दौरान वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो गाड़ी भी बरामद की गई थी।वहीं, पवन उर्फ मक्खी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अग्रिम जमानत के लिए अदालत में याचिका भी दायर की थी, लेकिन उसकी याचिका खारिज हो गई थी।
दिल्ली और हरियाणा में दर्ज हैं तीन आपराधिक मामले
स्पेशल स्टाफ की टीम को आरोपी के ठिकाने के बारे में पुख्ता सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस ने 21 नवंबर को कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, पवन उर्फ मक्खी के खिलाफ दिल्ली और हरियाणा में पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच टीम वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल और कारोबारी से जबरन हस्ताक्षर करवाए गए समझौता पत्र की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।
Also read: राजस्थान पंचायत चुनाव में बड़ा बवाल! मतगणना में 28 बूथों की EVM नहीं खुलीं, आयोग ने लिया बड़ा फैसला