Delhi Election 2025: इंडिया ब्लॉक में फिर से बढ़ी खटपट, ममता की पार्टी ने दिल्ली में AAP की जीत की उम्मीद जताई

Delhi Election 2025: इंडिया ब्लॉक में फिर से बढ़ी खटपट, ममता की पार्टी ने दिल्ली में AAP की जीत की उम्मीद जताई

AAP VS CONGRESS IN Delhi Assembly Election 2025: मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने आज दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीख का ऐलान कर दिया है। दिल्ली में 5 फरवरी को एक ही चरण में वोटिंग होगी। जिसके नतीजे 8 फरवरी को आएंगे। लेकिन इसी बीच, इंडिया ब्लॉक में फिर खटपट होने लगी है। बता दें, विपक्षी गठबंधन में शामिल ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने दिल्ली में आम आदमी पार्टी की जीत की उम्मीद जताई है।

मिली जानकारी के अनुसार, TMC नेता कुणाल घोष ने दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर एक न्यूज एजेंसी से बातचीत की है। उन्होंने कहा 'हम लोग यह उम्मीद करेंगे कि वहां पर आम आदमी पार्टी की सरकार फिर से आए और भाजपा को पराजित होना चाहिए। दिल्ली के लोग बीजेपी को हराएंगे।' अगर TMC दिल्ली में AAP की जीत चाहती है, इसका मतलब वह चाहती है कि कांग्रेस की हार हो।

लोकसभा चुनाव 2024 में कांग्रेस-आप का गठबंधन

वर्तमान में कांग्रेस इंडिया गुट को लीड कर रही है। लेकिन गठबंधन में शामिल AAP, राजद समेत कई दलों का कहना है कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को इंडिया ब्लॉक का नेतृत्व करना चाहिए। सहयोगी दलों की ओर से अपनी नेतृत्व क्षमता पर संदेह जताए जाने से कांग्रेस थोड़ी असहज भी है।

बता दें, लोकसभा चुनाव 2024 में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने दिल्ली में गठबंधन किया था। कांग्रेस 3 सीटों और आम आदमी पार्टी 4 सीटों पर लड़ी थी। हालांकि, इससे बीजेपी के प्रदर्शन पर कोई अंतर नहीं पड़ा। बीजेपी ने एक बार फिर दिल्ली की सभी 7 सीटें जीतीं।

कांग्रेस-AAP है आमने-सामने

लेकिन इस बार विधानसभा चुनाव में अब कांग्रेस और AAP आमने-सामने हैं। कांग्रेस के नेता और प्रवक्ता लगातार शराब घोटाला, सीएम हाउस, यमुना की सफाई, वायु प्रदूषण, सड़क, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा के मुद्दे पर अरविंद केजरीवाल और AAP को घेर रहे हैं। तो वहीं, आम आदमी पार्टी आरोप लगा रही है कि कांग्रेस दिल्ली में बीजेपी की बी टीम की भूमिका निभा रही है।

बता दें, कांग्रेस ने अरविंद केजरीवाल के खिलाफ नई दिल्ली सीट से पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के बेटे संदीप दीक्षित को मैदान में उतारा है। तो वहीं, वहीं कालकाजी से मुख्यमंत्री आतिशी के खिलाफ अलका लांबा को कांग्रेस ने टिकट दिया है।

दिल्ली में सपा ने छोड़ा कांग्रेस का साथ 

बता दें, उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी ने लोकसभा चुनाव कांग्रेस के साथ गठबंधन में लड़ा था। लेकिन दिल्ली में समर्थन आम आदमी पार्टी को दे रही है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कन्नौज से सांसद अखिलेश यादव ने अपनी पार्टी का रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि हम AAP का समर्थन करेंगे और उसके साथ मंच भी साझा करेंगे।

उनका कहना है कि यानी सपा भी कांग्रेस की क्षमता पर संदेह कर रही है। इस तरह अखिलेश ने केजरीवाल के लिए ‘फ्रेंड्स फॉर एवर’ का ऐलान कर कांग्रेस की सियासी बेचैनी बढ़ा दी है। इस तरह इंडिया ब्लॉक में यूनिटी के दावे का हाल देश की जनता के सामने है।  

Leave a comment