New Delhi Metro Station Closed: राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने कई मेट्रो स्टेशनों को बंद कर दिया है। शुक्रवार को जारी नए अपडेट के अनुसार नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन को भी अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। इस स्टेशन पर फिलहाल किसी तरह की इंटरचेंज सुविधा उपलब्ध नहीं होगी। इससे पहले DMRC ने दिल्ली के 17 मेट्रो स्टेशनों को सुरक्षा कारणों से सुबह 7:30 बजे से अगले आदेश तक बंद करने की जानकारी दी थी। अब नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन के बंद होने के बाद कुल 18 मेट्रो स्टेशन प्रभावित हो गए हैं।
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
DMRC के मुताबिक, बंद किए गए प्रमुख मेट्रो स्टेशनों में लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग और शिवाजी स्टेडियम शामिल हैं। मेट्रो स्टेशनों को बंद करने का फैसला दिल्ली के मध्य हिस्से में बढ़ाई गई सुरक्षा व्यवस्था के तहत लिया गया है। राजधानी में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में चल रहे प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं।
DMRC ने यात्रियों से की अपील
DMRC ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें और प्रभावित मेट्रो स्टेशनों से जुड़ी जानकारी लेकर ही घर से निकलें। अधिकारियों ने कहा है कि इन स्टेशनों पर सामान्य सेवाएं तभी शुरू की जाएंगी, जब सुरक्षा एजेंसियों की ओर से आगे के निर्देश मिलेंगे। फिलहाल दिल्ली मेट्रो की बाकी सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं, लेकिन बंद किए गए स्टेशनों के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस और अन्य सुरक्षा बल लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। बता दें कि CJP की ओर से देशभर में प्रदर्शन का ऐलान किया गया है। पार्टी ने छात्रों की मांगों के समर्थन और हाल के प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में आंदोलन जारी रखने की बात कही है। इसी को देखते हुए दिल्ली में कई जगहों पर सुरक्षा इंतजाम कड़े किए गए हैं।
Also read: सरकार-CJP वार्ता खत्म... 3 में से 2 मांगों पर बनी सहमति, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर पार्टी का सख्त रुख