Cricket News: भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी ने महज 15 साल की उम्र में एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। उन्हें सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT) 2026 में बिहार की कप्तानी सौंपी गई है। इसके साथ ही वह पुरुषों के T20 क्रिकेट में कप्तानी करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। वैभव ने शनिवार को इंदौर के होल्कर स्टेडियम में सौराष्ट्र के खिलाफ एलीट ग्रुप B मुकाबले में बिहार की कमान संभाली। इस मैच में बिहार ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया।
वैभव सूर्यवंशी ने कप्तानी की शुरुआत करते हुए पुरुष T20 क्रिकेट में सबसे कम उम्र के कप्तान बनने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। उन्होंने इस मामले में कई युवा खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया है। इस सूची में दूसरे नंबर पर क्रोएशिया के जैक वुकुसिक हैं, जिन्होंने 7 अगस्त 2025 को 17 साल और 311 दिन की उम्र में साइप्रस के खिलाफ अपनी राष्ट्रीय टीम की कप्तानी की थी। वहीं, पाकिस्तान के तैमूर अली ने 2009 में 17 साल और 358 दिन की उम्र में घरेलू T20 टूर्नामेंट में क्वेटा बेयर्स की कप्तानी की थी। इसके अलावा नोमान अमजद ने जुलाई 2022 में चेक रिपब्लिक के खिलाफ फ्रांस की कप्तानी की थी। इस तरह वैभव ने महज 15 साल की उम्र में इन सभी खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया।
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) ने शुक्रवार को सैयद मुश्ताक अली T20 ट्रॉफी के शुरुआती दो मुकाबलों के लिए 17 सदस्यीय टीम का ऐलान किया था। इस टीम की कप्तानी वैभव सूर्यवंशी को सौंपी गई, जबकि सूरज कश्यप को उप-कप्तान बनाया गया। BCA के मुताबिक, यह पहली बार है जब वैभव बिहार की सीनियर टीम की कप्तानी कर रहे हैं। एसोसिएशन के अध्यक्ष हर्षवर्धन ने वैभव की प्रतिभा, आत्मविश्वास और परिपक्वता की तारीफ करते हुए कहा कि यह जिम्मेदारी उन्हें एक क्रिकेटर के साथ-साथ लीडर के तौर पर भी आगे बढ़ने का मौका देगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि वैभव के नेतृत्व में टीम अच्छा प्रदर्शन करेगी।
IPL 2026 में भी वैभव ने मचाया था धमाल
वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने पूरे सीजन में 237.30 के स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए और टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने। इस प्रदर्शन के लिए उन्हें मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर, इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन, सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन, ऑरेंज कैप और सुपर सिक्स ऑफ द सीजन जैसे अवॉर्ड मिले। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 72 छक्के लगाए और कई रिकॉर्ड अपने नाम किए।
सबसे कम उम्र में जीती ऑरेंज कैप
वैभव ने IPL 2026 में सबसे कम उम्र में ऑरेंज कैप जीतने का रिकॉर्ड भी बनाया। उनसे पहले यह रिकॉर्ड गुजरात टाइटंस के साई सुदर्शन के नाम था, जिन्होंने 2025 में 23 साल और 231 दिन की उम्र में ऑरेंज कैप जीती थी। वहीं, शुभमन गिल ने 2023 में 23 साल और 263 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की थी। महज 15 साल की उम्र में IPL में शानदार प्रदर्शन और अब बिहार की सीनियर टीम की कप्तानी मिलने से वैभव सूर्यवंशी ने भारतीय क्रिकेट में अपनी पहचान और मजबूत की है।