Bihar News: बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब तस्कर नए-नए तरीके अपनाकर अवैध कारोबार को अंजाम देने में जुटे हैं। इस बार तस्करों ने पुलिस और उत्पाद विभाग की आंखों में धूल झोंकने के लिए एंबुलेंस का इस्तेमाल किया। मरीजों को अस्पताल पहुंचाने वाली एंबुलेंस में शराब की खेप छिपाकर सप्लाई की जा रही थी। हालांकि, मोहनिया चेक पोस्ट पर उत्पाद विभाग की टीम ने तस्करों के इस खेल का पर्दाफाश कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, मोहनिया स्थित समेकित जांच चौकी पर उत्पाद विभाग की टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान टीम ने एक एंबुलेंस को संदेह के आधार पर रुकवाया। जब एंबुलेंस की गहन तलाशी ली गई तो उसके अंदर छिपाकर रखी गई 153.750 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई।
रॉकफोर्ड और ब्लेंडर्स प्राइड समेत कई ब्रांड की शराब जब्त
एंबुलेंस से रॉकफोर्ड, ब्लेंडर्स प्राइड, पावर्स समेत अन्य ब्रांड की विदेशी शराब मिली। तस्करों ने एंबुलेंस को इस तरह इस्तेमाल किया था कि सामान्य जांच में उस पर शक न हो। लेकिन उत्पाद विभाग की सतर्कता से शराब की खेप पकड़ ली गई।
दिल्ली से मुजफ्फरपुर ले जा रहे थे शराब
उत्पाद विभाग ने मौके से एंबुलेंस चालक और सहचालक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अशोक कुमार, पिता विनोद कुमार, निवासी रसूलपुर, जिला मुजफ्फरपुर और गोलू कुमार, पिता मुन्ना पटेल, निवासी कांटी, जिला मुजफ्फरपुर के रूप में हुई है।
पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी दिल्ली से शराब लेकर मुजफ्फरपुर जा रहे थे। उत्पाद विभाग ने शराब के साथ एंबुलेंस को भी जब्त कर लिया है। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। बिहार में शराबबंदी के बावजूद तस्करी के लिए अपनाए जा रहे ऐसे नए तरीकों ने एक बार फिर अवैध शराब के कारोबार पर सवाल खड़े कर दिए हैं।