Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में दो गुटों में शुरू हुए विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। दो तरफ से पत्थरबाजी की घटना देखने को मिली। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने कई स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, पुलिस की तत्परता से हालात पर जल्द काबू पा लिया गया और फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।
बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने शुक्रवार को बताया कि मामला शुरुआत में निजी विवाद से जुड़ा था, लेकिन बाद में यह दो पक्षों के बीच झड़प में बदल गया। उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा कि स्थिति अब नियंत्रण में है और सुरक्षा बल लगातार इलाके में गश्त करेंगे। कलेक्टर ने यह भी स्पष्ट किया कि मामले में जो भी लोग दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पत्थरबाजी में कुछ लोग घायल
बिलासपुर के एसएसपी रजनीश सिंह ने बताया कि विवाद के दौरान पत्थरबाजी की घटना हुई, जिसमें कुछ लोगों के घायल होने की जानकारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए।
एसएसपी ने कहा कि इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल को अलग-अलग स्थानों पर तैनात किया गया है। प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है और सुरक्षा बलों की गश्त भी जारी रहेगी। पुलिस अधिकारियों ने मामले में सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया।