Chhath Puja 2026: छठ महापर्व के चौथे और आखिरी दिन सोमवार, 16 नवंबर को देशभर में श्रद्धा और उल्लास का माहौल देखने को मिला। सुबह होते ही बिहार, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, चंडीगढ़ और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में श्रद्धालु विभिन्न घाटों पर पहुंचे और उगते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसी के साथ चार दिवसीय छठ पूजा का समापन हो गया।
बिहार की राजधानी पटना में श्रद्धालु सुबह-सुबह मीनार घाट पर पहुंचे और उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। वहीं, दिल्ली में हाथी घाट, कालिंदी कुंज, ITO और सोनिया विहार समेत कई छठ घाटों पर बड़ी संख्या में व्रती और श्रद्धालु नजर आए। सभी ने विधि-विधान के साथ छठी मैया और सूर्य देव की पूजा-अर्चना की।
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित भीम सरोवर के छठ घाट पर श्रद्धालुओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। अयोध्या में भी सरयू नदी के घाटों पर भक्तों की भीड़ जुटी। चंडीगढ़ में भी छठ घाट पर सुबह से ही श्रद्धालु पूजा के लिए पहुंचे। वहीं, पश्चिम बंगाल के कोलकाता में कदमतला घाट पर हुगली नदी के किनारे भक्तों ने उगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठ महापर्व की अंतिम रस्म पूरी की।
चार दिनों तक चलता है छठ महापर्व
छठ पूजा चार दिनों तक मनाया जाने वाला प्रमुख हिंदू त्योहार है। इसकी शुरुआत नहाय-खाय से होती है। इस दिन व्रती पवित्र स्नान करते हैं और अरवा चावल, चना दाल तथा लौकी की सब्जी जैसे पारंपरिक भोजन ग्रहण करते हैं। इसके बाद दूसरे दिन खरना का विधान होता है। इस दिन व्रती सूर्योदय से सूर्यास्त तक उपवास रखते हैं। शाम को पूजा-अर्चना के बाद गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण कर व्रत शुरू करते हैं।