Bollywood News: बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘किंग’ का नया पोस्टर रिलीज हो गया है। पोस्टर में शाहरुख खान एक दमदार और खूंखार अंदाज में नजर आ रहे हैं। हाथ में बंदूक, शरीर पर खून के निशान और आग की लपटों के बीच उनका लुक फिल्म में जबरदस्त एक्शन और रोमांच का संकेत दे रहा है। पोस्टर के साथ शाहरुख ने कैप्शन में लिखा, “आज फिर याद आया... कातिल नहीं... आशिक हूं... #KING।” फिल्म 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
फिल्म के नए पोस्टर में शाहरुख खान डार्क शर्ट पहने नजर आ रहे हैं। उनके शरीर पर चोट और खून के निशान दिखाई दे रहे हैं, जबकि हाथ में बंदूक उनके किरदार के एक्शन अवतार को दिखाती है। पोस्टर में रोमांस और हिंसा का मेल फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा रहा है। शाहरुख के कैप्शन ने भी फैंस का ध्यान खींचा है।
सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बनी है फिल्म
‘किंग’ का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं। इससे पहले शाहरुख खान और सिद्धार्थ आनंद फिल्म ‘पठान’ में साथ काम कर चुके हैं। साल 2023 में रिलीज हुई ‘पठान’ के बाद दोनों की यह अगली बड़ी फिल्म है। फिल्म का निर्माण रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और मार्फ्लिक्स पिक्चर्स कर रहे हैं। मेकर्स ने इसकी रिलीज डेट 24 दिसंबर 2026 तय की है।
पोस्ट-प्रोडक्शन और VFX पर नजर रख रहे शाहरुख
हाल ही में शाहरुख खान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर #AskSRK सेशन के दौरान फिल्म से जुड़े सवालों के जवाब दिए। उन्होंने बताया कि वह फिल्म के पोस्ट-प्रोडक्शन और विजुअल इफेक्ट्स के काम पर बारीकी से नजर रख रहे हैं। शाहरुख ने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह VFX टीम को काफी परेशान कर रहे हैं और देर रात तक काम करके फिल्म को बेहतर बनाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने निर्देशक सिद्धार्थ आनंद की मेहनत की भी तारीफ की और कहा कि टीम दर्शकों के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने में जुटी है।
अरिजीत सिंह दे रहे हैं म्यूजिक को फाइनल टच
फिल्म के संगीत को लेकर भी शाहरुख ने अपडेट दिया। उन्होंने बताया कि गायक अरिजीत सिंह साउंडट्रैक को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। शाहरुख के मुताबिक, अरिजीत एक परफेक्शनिस्ट हैं, इसलिए संगीत को फाइनल करने में थोड़ा समय लग रहा है।
क्रिसमस पर रिलीज होगी ‘किंग’
शाहरुख खान ने फिल्म की रिलीज डेट को लेकर चल रही चर्चाओं पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने साफ किया कि ‘किंग’ 24 दिसंबर 2026 को रिलीज होने के लिए तय है। क्रिसमस के मौके पर आने वाली इस फिल्म में शाहरुख के साथ सुहाना खान, दीपिका पादुकोण और अभिषेक बच्चन भी नजर आएंगे। फिल्म को लेकर दर्शकों की नजरें अब इसके अगले प्रमोशनल अपडेट और ट्रेलर पर टिकी हैं।