Himanshu Bhau Arrested in US: अमेरिका के इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (ICE) ने भारतीय गैंगस्टर हिमांशु भाऊ और नीरज कौशिक को हिरासत में लिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों को लास वेगास के पास नेवादा के हेंडरसन डिटेंशन सेंटर में बंदियों की सूची में दर्ज किया गया है। यह केंद्र ICE के लास वेगास स्थित एनफोर्समेंट एंड रिमूवल ऑपरेशंस कार्यालय के अधिकार क्षेत्र में आता है। हालांकि, दोनों की हिरासत और उनके खिलाफ आगे होने वाली कानूनी कार्रवाई को लेकर अमेरिकी अधिकारियों की ओर से विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
हिमांशु भाऊ का असली नाम हिमांशु रिटोलिया बताया जाता है। वह हरियाणा के रोहतक का रहने वाला है। उसके खिलाफ भारत में हत्या, हत्या की कोशिश, जबरन वसूली, आपराधिक धमकी और जालसाजी समेत 18 आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी दी गई है। अगस्त 2023 से उसके खिलाफ इंटरपोल का रेड नोटिस भी जारी बताया जाता है।
कौन है नीरीज कौशिक
वहीं, नीरज कौशिक का असली नाम नीरज फरीदपुरिया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, हिमांशु भाऊ ने 2022 में भारत छोड़ा था, जबकि नीरज कौशिक के 2019 में देश से बाहर जाने की बात कही जाती है। दोनों पर कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों से हासिल पासपोर्ट का इस्तेमाल करने और गिरफ्तारी से बचने के लिए अलग-अलग पहचान अपनाने के आरोप हैं।
एल्विश यादव के घर के बाहर फायरिंग मामले में आया था नाम
हिमांशु भाऊ के कथित नेटवर्क का नाम कई आपराधिक मामलों की जांच में सामने आ चुका है। अगस्त 2025 में यूट्यूबर एल्विश यादव के गुरुग्राम स्थित घर के बाहर हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस ने दो कथित शूटरों को गिरफ्तार किया था।
जांचकर्ताओं के मुताबिक, आरोपी कथित तौर पर जेल में बंद गैंगस्टर नीरज फरीदपुरिया और हिमांशु भाऊ के निर्देशों पर काम कर रहे थे। आरोप था कि इस नेटवर्क ने हथियारों की आपूर्ति, फंडिंग और अन्य लॉजिस्टिक व्यवस्थाओं में भूमिका निभाई थी।
दिल्ली के बर्गर किंग आउटलेट पर गोलीबारी से भी जुड़ा नाम
हिमांशु भाऊ के कथित गैंग का नाम जून 2024 में दिल्ली के राजौरी गार्डन स्थित बर्गर किंग आउटलेट पर हुई गोलीबारी के मामले में भी सामने आया था। इस घटना में 26 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई थी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, हिमांशु भाऊ ने इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था। उसने आरोप लगाया था कि मृतक 2020 में उसके सहयोगी शक्ति दाद की हत्या में शामिल था। हालांकि, ऐसे आरोपों और घटनाओं की जिम्मेदारी संबंधी दावों को जांच एवं कानूनी प्रक्रिया के संदर्भ में ही देखा जाना चाहिए।