UP News: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में कोठी थाना क्षेत्र के रेवतीपुरवा गांव में जमीन पर नाद रखने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया और गोली लगने से गंभीर घायल हंसराज वर्मा की इलाज के दौरान मौत हो गई। हंसराज की मौत के बाद एक बार फिर हैदरगढ़ सीओ सर्किल में जमीन विवादों को लेकर हो रही हिंसक घटनाओं ने पुलिस-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई जमीन विवाद राजस्व विभाग के स्तर पर लंबे समय तक लंबित रहते हैं। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। लोगों ने पुलिस और राजस्व विभाग की भूमिका की निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
एक के बाद एक घटनाओं से इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब जमीन विवाद पहले से सामने आते हैं, तो उन्हें खूनी संघर्ष में बदलने से पहले क्यों नहीं रोका जाता। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अपराध के खिलाफ सख्त नीति के बीच बाराबंकी की इन घटनाओं ने स्थानीय स्तर की कानून व्यवस्था पर बड़े गंभीर सवाल खड़े किए हैं।