Bihar News: स्वतंत्रता दिवस के पहले राजधानी पटना सोमवार को पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंगी नजर आई। बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से आयोजित तिरंगा यात्रा में हजारों की संख्या में बच्चे, युवा और आम नागरिक हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर शामिल हुए।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में जेपी गोलंबर से कारगिल चौक तक निकली इस तिरंगा यात्रा ने राजधानी के माहौल को राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और उत्साह से भर दिया। बैंड की थाप और हाथों में लहराते तिरंगे के बीच पूरा मार्ग ‘भारत माता की जय’ और राष्ट्रभक्ति के भाव से ओतप्रोत नजर आया।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने जेपी गोलंबर पहुंचकर लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ जेपी गोलंबर से कारगिल चौक तक आयोजित तिरंगा यात्रा में पैदल सहभागिता की।
प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी बच्चों और अन्य प्रतिभागियों के साथ हाथ में तिरंगा लेकर करीब डेढ़ किलोमीटर तक पैदल चले। यात्रा के समापन पर प्रदेश अध्यक्ष ने कारगिल चौक स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर मां भारती की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
इस अवसर पर संजय सरावगी ने कहा कि हमारा तिरंगा हमारे मान, सम्मान और स्वाभिमान का प्रतीक है। आज तिरंगा यात्रा एक जनआंदोलन का रूप ले चुकी है। पूरे देश में तिरंगा यात्रा की धूम है और बिहार में भी गांव-गांव तक राष्ट्रभक्ति का यह संदेश पहुंच रहा है।
उन्होंने कहा कि पटना में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकाली गई है, जबकि 12 अगस्त को जिला मुख्यालयों पर तिरंगा यात्राएं आयोजित की जाएंगी। गांव-गांव में भी लोग तिरंगा यात्रा निकाल रहे हैं। उन्होंने सभी लोगों से अपने आवास और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने तथा हर घर तिरंगा अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेने का आह्वान किया।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर हर घर और हर प्रतिष्ठान पर तिरंगा फहराने तथा तिरंगा यात्रा निकालने का अभियान पूरे देश में जनभागीदारी का स्वरूप ले चुका है। राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत के माध्यम से भी देशभक्ति की भावना को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारा तिरंगा हमारा गौरव है और यह हमें राष्ट्र के लिए सदैव अपना सर्वश्रेष्ठ देने की निरंतर प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष का हर घर तिरंगा अभियान ‘वंदे मातरम्’ को समर्पित है और हम सभी इसके 150वें वर्ष का स्मरण कर रहे हैं। राष्ट्र प्रथम का प्रेरक मंत्र देने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश हर घर और हर हृदय तक पहुंचाना हम सभी का कर्तव्य है।
तिरंगा यात्रा में बिहार मंत्रिमंडल के कई वरिष्ठ सदस्य, विधायक, जनप्रतिनिधि, भाजपा के प्रदेश के सभी महामंत्री, प्रदेश पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं आम नागरिक उपस्थित रहे। बच्चों और युवाओं की बड़ी भागीदारी ने यात्रा को विशेष आकर्षण प्रदान किया। हाथों में तिरंगा लेकर पैदल चलते लोगों ने राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति अटूट समर्पण का संदेश दिया।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान तथा वीर जवानों के शौर्य, त्याग और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने सभी नागरिकों से हर घर तिरंगा अभियान को जनभागीदारी का पर्व बनाने और विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान देने का सामूहिक संकल्प लेने की अपील की।