बिहार के अगले मुख्यमंत्री का नाम फाइनल हो गया है। सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता चुना गया। जिसके बाद ये तय हो गया कि सम्राट चौधरी बिहार के अगले मुख्यमंत्री होंगे। बता दें कि नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद मुख्यमंत्री कौन होगा इसको लेकर चर्चा तेज हो गई थी।
बताया जा रहा है कि 15 अप्रैल को सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। आज ही नीतीश कुमार ने कैबिनेट मंत्रियों के साथ बैठक की थी। जिसके बाद उन्होंने राजभवन जाकर राज्यपाल को इस्तीफा सौंप दिया था।
Also read: पथराव-फायरिंग से फिर दहला सीवान, शहाबुद्दीन के दौर की यादें हुईं ताजा; ओसामा बनाम चंदन सिंह की जंग
सम्राट चौधरी को मिली कमान
बता दें कि भाजपा के विधायक दल की बैठक में सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता चुना गया था। विजय सिन्हा ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा था। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह को बिहार का ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया था। उनकी अगुवाई में सम्राट चौधरी के नाम पर सर्वसम्मति से मुहर लगाई गई। अब बताया जा रहा है कि सम्राट चौधरी राज्यपाल से मुलाकात कर पूरी राजनीतिक घटनाक्रम की जानकारी देंगे। साथ ही सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। वहीं, पटना में कल सुबह 11 बजे शपथ ग्रहण कार्यक्रम रखा गया है।
नीतीश युग का अंत
बिहार में अब नीतीश युग का अंत हो गया है। 20 सालों तक मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालने के बाद नीतीश कुमार ने 14 अप्रैल को इस्तीफा दे दिया। इस्तीफा देने से पहले उन्होंने कैबिनेट की बैठकी की। इस दौरान उन्होंने नई सरकार को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि जनता के हित में काम होता रहेगा। नीतीश कुमार ने कहा कि जहां तक हो सका मैंने बिहार के लिए काम किया, आगे भी विकास कार्य होता रहेगा। बता दें कि नीतीश कुमार पूर्ण रूप से 2005 में मुख्यमंत्री बने। उसके बाद वहां लगातार 14 अप्रैल 2026 तक मुख्यमंत्री पद पर बने रहें। हालांकि, 2014 में उन्होंने लोकसभा चुनाव में मिली हार के बाद कुछ महीनों के लिए इस्तीफा दिया था।