
Arrah Tanishq Showroom Robbery: बिहार के आरा में तनिष्क ज्वेलर्स शोरूम में हुई 25 करोड़ से ज्यादा की लूट मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस लूट में शामिल दो लुटेरों का एनकाउंटर किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों लुटेरें भाग रहे थे। इसी बीच, उनके पैर में गोली लग गई। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, बिहार के आरा के टाउन थाना क्षेत्र में कुछ लुटेरों ने शीशमहल चौक स्थित तनिष्क ज्वेलरी शोरूम में लूट की वारदात को अंजाम दिया। ये घटना आज सोमवार सुबह करीब 10 बजे की है। 7 हथियारबंद बदमाशों ने अचानक शोरूम में धावा बोला और सेल्समैन और सुरक्षा गार्ड को गन प्वाइंट पर ले लिया।
विरोध करने पर सेल्समैन रोहित कुमार के साथ मारपीट की गई। वहीं, सुरक्षा गार्ड मनोज ठाकुर से उसकी लाइसेंसी रायफल भी छीन ली गई। इसके बाद बदमाशों ने दोनों फ्लोर पर करीब 22 मिनट तक जमकर लूटपाट की और करीब 25 करोड़ से ज्यादा का सामान लूट कर भाग गए।
लूटपाट के बाद छपरा भागने की तैयारी
इस मामले में पुलिस ने बताया कि शोरूम में लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद लुटेरे छपरा भागने की तैयारी में थे। पुलिस ने आगे बताया कि इस वारदात में सात बदमाश शामिल थे। जिसमें से सिर्फ एक ने अपना चेहरा ढक रखा था। बाकी सबके चेहरे दिख रहे थे। इस मामले में भोजपुर एसपी राज, एएसपी परिचय कुमार ने बताया कि मामले के सामने आते ही पुलिस टीम ने छानबीन शुरु कर दी थी।
पुलिस ने दो पिस्टल, 10 कारतूस, तनिष्क शोरूम से लूटे गए जेवरात को बरामद किया है। गिरफ्तार लुटेरों की पहचान विशाल गुप्ता, दीघवारा, सारण और कुणाल कुमार, सेमरा, सोनपुर के रूप में की गई है। वहीं, एनकाउंटर में घायल हुए दो लुटेरों का इलाज चल रहा हैं।
Leave a comment