Bihar News: बिहार में 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कच्ची दरगाह-राजापाकर-बिदुपुर छह लेन पुल का लोकार्पण करेंगे। इस पुल का नाम पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सम्मान में 'नीतीश सेतु' रखा गया है। प्रधानमंत्री इस दौरान बिहार की कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को वैशाली जिले में तैयारियों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने राघोपुर के रुस्तमपुर में बनाए गए हेलीपैड का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने पुल के पिलर संख्या 23 और 24 के बीच तैयार किए जा रहे कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने जंदाहा-राजापाकर-महुआ औद्योगिक क्षेत्र के जाफरपट्टी स्थित मुख्य कार्यक्रम स्थल का भी निरीक्षण किया।
21 नवंबर को बिहार आएंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार आएंगे और नीतीश सेतु को जनता को समर्पित करेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। उन्होंने कहा कि राघोपुर सहित पूरे बिहार की जनता प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए तैयार है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस इलाके को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
नीतीश कुमार के सम्मान में रखा गया पुल का नाम
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि कच्ची दरगाह-राजापाकर-बिदुपुर छह लेन पुल का डीपीआर वर्ष 2012 में तैयार किया गया था। वर्ष 2015 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसके निर्माण कार्य की शुरुआत कराई थी। वर्ष 2026 में पुल का निर्माण पूरा हुआ है।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने राघोपुर और आसपास के इलाकों की जरूरत को समझते हुए पुल निर्माण की पहल की थी। पुल का नाम 'नीतीश सेतु' रखे जाने पर प्रसन्नता जताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नीतीश कुमार ने 20 वर्षों तक बिहार की सेवा की है। यह उनके प्रति सरकार की ओर से एक छोटा-सा सम्मान है।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक भी हुई। वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी दी। इसमें प्रधानमंत्री का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम, हेलीपैड, पार्किंग, प्रवेश द्वार और यातायात प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाएं शामिल थीं।
पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा ने सुरक्षा व्यवस्था और कार्यक्रम स्थल के आसपास पुलिस बल की तैनाती की जानकारी दी। बैठक में मेडिकल कैंप, एंबुलेंस, अग्निशमन, पेयजल, सुरक्षा जांच और आपातकालीन सुविधाओं की भी समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभा स्थल तक पहुंचने वाले रास्ते सुगम रखे जाएं और मुख्य मार्गों पर वाहनों की आवाजाही व्यवस्थित हो। उन्होंने पर्याप्त प्रवेश द्वार बनाने, संपर्क मार्गों को खाली रखने और सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय पर तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।
इस दौरान उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री निशांत, पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेंद्र, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा और वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
Also read: Bihar Crime: दो मासूम बेटियों के सिर से उठा मां का साया! मुंगेर में पति ने पत्नी को उतारा मौत के घाट