Uttarakhand News: उत्तराखंड के युवाओं के लिए रोजगार के लिहाज से अच्छी खबर है। श्रीनगर गढ़वाल में आयोजित वृहद रोजगार मेले में सैकड़ों युवाओं को नौकरी के अवसर मिले। तकनीकी शिक्षा विभाग की ओर से राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान श्रीनगर में आयोजित इस मेले में गढ़वाल मंडल के राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थानों के 1,429 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इनमें से युवाओं का चयन देश की 55 प्रतिष्ठित कंपनियों ने विभिन्न पदों के लिए किया।
कंपनियों की ओर से जॉब ऑफर मिलने पर युवाओं के चेहरे खिल उठे। एक ही मंच पर अलग-अलग औद्योगिक और तकनीकी क्षेत्रों की कंपनियों की मौजूदगी से छात्र-छात्राओं को रोजगार के कई विकल्प मिले।
तकनीकी शिक्षा मंत्री ने वर्चुअल माध्यम से की शिरकत
तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने वर्चुअल माध्यम से रोजगार मेले में प्रतिभाग किया और आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
मंत्री ने कहा कि रोजगार मेलों के जरिए युवाओं को प्रतिष्ठित कंपनियों से सीधे जुड़ने और अपनी तकनीकी दक्षता दिखाने का अवसर मिल रहा है। ऐसे आयोजन युवाओं के कौशल विकास और उन्हें उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
55 कंपनियों ने साक्षात्कार के आधार पर किया चयन
रोजगार मेले में शामिल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद किया। उनकी शैक्षिक योग्यता, तकनीकी ज्ञान, व्यावहारिक कौशल और कार्यक्षमता के आधार पर साक्षात्कार और चयन प्रक्रिया पूरी की गई।
इस दौरान विद्यार्थियों को औद्योगिक क्षेत्र की जरूरतों और कंपनियों की अपेक्षाओं को समझने का भी मौका मिला।
युवाओं को कौशल बढ़ाने के लिए किया प्रेरित
निदेशक प्राविधिक शिक्षा देशराज ने विद्यार्थियों को रोजगार मेले में उपलब्ध अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं से अपनी तकनीकी दक्षता, व्यावहारिक ज्ञान और कौशल को लगातार बेहतर बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में बीकेटीसी अध्यक्ष विजय कपरवान, भाजपा पौड़ी जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत, भाजपा श्रीनगर मंडल अध्यक्ष विनय घिल्डियाल, परीक्षा नियंत्रक डॉ. मुकेश पांडेय, सचिव प्राविधिक शिक्षा डॉ. राजेश उपाध्याय और उप निदेशक एम.के. कन्याल समेत विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। रोजगार मेले के प्रभारी उप निदेशक एस.के. वर्मा और राजकीय पॉलिटेक्निक श्रीनगर के प्रधानाचार्य सचिन कुमार शर्मा ने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार जताया।
Also read: कालाढूंगी में CM धामी का बड़ा ऐलान! नारी शक्ति सम्मान में महिलाओं को किया सम्मानित, कर दीं 6 बड़ी घोषणाएं