Bihar News: बिहार और नेपाल के लोगों के लिए अच्छी खबर है। नेपाल के जनकपुरधाम से उत्तर प्रदेश के अयोध्या कैंट के बीच नई एक्सप्रेस ट्रेन चलाने को रेल मंत्रालय ने मंजूरी दे दी है। इस ट्रेन का नंबर 15595/15596 होगा। इससे माता जानकी की जन्मस्थली जनकपुरधाम और भगवान श्रीराम की जन्मस्थली अयोध्या के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित होगा।
इस फैसले पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि इस रेल सेवा से श्रद्धालुओं और आम यात्रियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही भारत और नेपाल के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक संबंध और मजबूत होंगे।
राम-जानकी के धार्मिक स्थलों के बीच बढ़ेगी कनेक्टिविटी
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि जनकपुरधाम और अयोध्या भारत और नेपाल के करोड़ों लोगों की धार्मिक आस्था से जुड़े महत्वपूर्ण स्थल हैं। जनकपुरधाम को माता जानकी की जन्मस्थली और अयोध्या को भगवान श्रीराम की जन्मस्थली के रूप में विश्वभर में श्रद्धा के साथ देखा जाता है।
दोनों धार्मिक स्थलों के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होने से श्रद्धालुओं को यात्रा करने में आसानी होगी। इससे दोनों देशों के लोगों को एक-दूसरे की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर भी मिलेगा।
धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई ट्रेन सेवा से भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने आध्यात्मिक और सामाजिक रिश्तों को नई मजबूती मिलेगी। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ दोनों देशों के नागरिकों के बीच संपर्क और संवाद के नए अवसर भी पैदा होंगे।
जनकपुरधाम और अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह रेल संपर्क काफी महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। इससे रामायण से जुड़े प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
बिहार की रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने पर जोर
सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में रेल अवसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है। केंद्र सरकार बिहार में रेल कनेक्टिविटी बेहतर बनाने और यात्रियों को आधुनिक एवं सुविधाजनक रेल सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने इस पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का विशेष रूप से धन्यवाद किया।
Also read: Bihar Crime: दो मासूम बेटियों के सिर से उठा मां का साया! मुंगेर में पति ने पत्नी को उतारा मौत के घाट