Modi Cabinet Decisions: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में 19 हजार करोड़ रुपये से अधिक की पांच प्रमुख परियोजनाओं और योजनाओं को मंजूरी दी गई है। इन फैसलों में निर्माण क्षेत्र को बढ़ावा देने, बंदरगाह की क्षमता बढ़ाने, हवाई कनेक्टिविटी मजबूत करने और डाक विभाग को आधुनिक बनाने पर जोर दिया गया है। सरकार के फैसलों से इंफ्रास्ट्रक्चर, व्यापार और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
कैबिनेट का सबसे बड़ा फैसला क्रेन, बुलडोजर और टनल बोरिंग मशीन जैसी भारी निर्माण मशीनों के घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देने से जुड़ा है। इसके लिए 11 हजार करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी गई है। इसके अलावा तमिलनाडु के कामराजार पोर्ट पर दूसरा कंटेनर टर्मिनल और असम के सिलचर में नया ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाने का रास्ता भी साफ हो गया है।
1. क्रेन-बुलडोजर बनाने के लिए 11 हजार करोड़ की योजना
केंद्र सरकार ने देश में भारी निर्माण उपकरणों के घरेलू निर्माण को बढ़ावा देने के लिए 11 हजार करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी है। इसके तहत क्रेन, बुलडोजर, अर्थमूवर, टनल बोरिंग मशीन (TBM) और अन्य बड़े निर्माण उपकरणों के उत्पादन को प्रोत्साहित किया जाएगा। इस योजना का उद्देश्य भारत को इंफ्रास्ट्रक्चर मशीनरी निर्माण का बड़ा केंद्र बनाना और विदेशों से मशीनें मंगाने पर निर्भरता कम करना है।
2. कामराजार पोर्ट पर बनेगा दूसरा कंटेनर टर्मिनल
कैबिनेट ने तमिलनाडु के कामराजार पोर्ट पर 4,288 करोड़ रुपये की लागत से दूसरे कंटेनर टर्मिनल के निर्माण को मंजूरी दी है। देश में कंटेनर ट्रैफिक बढ़ने के कारण इस परियोजना को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नए टर्मिनल से तमिलनाडु के साथ-साथ कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के उद्योगों और व्यापारिक गतिविधियों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है।
3. असम के सिलचर में बनेगा नया एयरपोर्ट
पूर्वोत्तर भारत में हवाई कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए सरकार ने असम के सिलचर में 2,014 करोड़ रुपये की लागत से नया ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाने को मंजूरी दी है। इस एयरपोर्ट में 12,351 वर्गमीटर का टर्मिनल भवन बनाया जाएगा। इसके अलावा 2,705 मीटर लंबा और 45 मीटर चौड़ा रनवे तैयार होगा। इससे सिलचर और आसपास के क्षेत्रों में आवागमन आसान होने की उम्मीद है।
4. डाक विभाग की पोस्टल ऑपरेशंस स्कीम को मंजूरी
मोदी कैबिनेट ने डाक विभाग की 1,141 करोड़ रुपये की पोस्टल ऑपरेशंस स्कीम को भी मंजूरी दी है। इसके तहत देशभर में 67 पार्सल हब विकसित किए जाएंगे और 519 पार्सल पैकेजिंग यूनिट स्थापित होंगी। इस योजना का उद्देश्य पार्सल कारोबार को बढ़ावा देना और ग्रामीण डाकघरों को बिजनेस हब के रूप में विकसित करना है।
5. एस्टेट मैनेजमेंट स्कीम पर खर्च होंगे 491 करोड़
कैबिनेट ने डाक विभाग की 491 करोड़ रुपये की एस्टेट मैनेजमेंट स्कीम को भी मंजूरी दी है। इसके तहत डाक विभाग की संपत्तियों का बेहतर प्रबंधन किया जाएगा। साथ ही ऐतिहासिक और विरासत वाले डाक भवनों का संरक्षण और डाकघर के बुनियादी ढांचे का आधुनिकीकरण किया जाएगा। इससे डाक विभाग की संपत्तियों का बेहतर इस्तेमाल और सेवाओं में सुधार करने में मदद मिलेगी।
Also read: NDA 1 Exam 2027: सेना में अफसर बनने का मौका, 2 दिसंबर से शुरू होंगे आवेदन, जानें योग्यता और परीक्षा की तारीख