UP Politics:उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी में मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर सियासी चर्चा तेज हो गई है। हाल ही में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने जालौन में सीएम फेस से जुड़े सवाल पर कहा था कि कमल का फूल ही बीजेपी का मुख्यमंत्री चेहरा है। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने मुस्कुराते हुए कहा कि कमल का फूल हमारे लिए सबकुछ है। कमल के फूल पर ही हर व्यक्ति को चुनाव लड़ना है। मैं भी कमल के फूल पर ही चुनाव लड़ूंगा। उन्होंने आगे कहा कि कौन हैं और कौन नहीं, यह सर्वज्ञात और सर्वविख्यात है। योगी ने अपने इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी साझा किया। इसके साथ उन्होंने लिखा, 'कमल का फूल हमारे लिए सबकुछ है...'
केशव मौर्य के बयान से शुरू हुई थी चर्चा
दरअसल, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने जालौन दौरे के दौरान मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा था कि कमल का फूल ही हमारा मुख्यमंत्री चेहरा है। उन्होंने अपने बयान में योगी आदित्यनाथ का नाम नहीं लिया था। इसके बाद यूपी बीजेपी में नेतृत्व और सीएम फेस को लेकर सियासी चर्चाएं तेज हो गई थीं।
केशव मौर्य ने फिर दिया था बयान
बुधवार को केशव प्रसाद मौर्य ने एक बार फिर अपने बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कमल का फूल ही सबकुछ है और योगी आदित्यनाथ हमारे मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने कहा कि कमल का फूल खिलेगा, तभी बीजेपी सत्ता में रहेगी। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि बीजेपी में चुनाव जीतने के बाद मुख्यमंत्री चुनने की प्रक्रिया होती है।
Also read: 'मेरा फोन टैप किया जा रहा है' राहुल गांधी का सनसनीखेज करने वाला दावा