BEL Recruitment : इंजीनियरिंग ग्रेजुएट युवाओं के लिए सरकारी क्षेत्र में नौकरी का शानदार अवसर है। भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) ने प्रोबेशनरी इंजीनियर के 350 पदों पर भर्ती निकाली है। इलेक्ट्रॉनिक्स और मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिग्री रखने वाले उम्मीदवार 18 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। कुल 350 पदों में प्रोबेशनरी इंजीनियर (इलेक्ट्रॉनिक्स), ई-II ग्रेड के 200 पद और प्रोबेशनरी इंजीनियर (मैकेनिकल), ई-II ग्रेड के 150 पद शामिल हैं। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 28 अक्टूबर से शुरू हो चुकी है। उम्मीदवारों को अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय पर आवेदन करने की सलाह दी गई है।
सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट
शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो प्रोबेशनरी इंजीनियर (इलेक्ट्रॉनिक्स) पद के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन, कम्युनिकेशन या टेलीकम्युनिकेशन विषय में बीई/बीटेक/4 वर्षीय बीएससी इंजीनियरिंग डिग्री होनी चाहिए। वहीं, प्रोबेशनरी इंजीनियर (मैकेनिकल) पद के लिए अभ्यर्थी का मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीई/बीटेक या 4 वर्षीय बीएससी इंजीनियरिंग ग्रेजुएट होना अनिवार्य है। आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 25 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 1 अक्टूबर 2026 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी।
Also read: SIR पर सुप्रीम कोर्ट सुनवाई से पहले चुनाव आयोग का बड़ा हलफनामा, छूटे वोटरों को मिलेगा एक और मौका
आवेदनों की जांच के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग
चयन प्रक्रिया कई चरणों में होगी। सबसे पहले आवेदनों की जांच के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग होगी। इसके बाद कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) आयोजित की जाएगी। सीबीटी में सफल अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा और अंतिम चयन दस्तावेज सत्यापन के बाद किया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों को 40,000 से 1,40,000 रुपये प्रति माह तक वेतन दिया जाएगा। इसके अलावा कंपनी की ओर से अन्य भत्ते और सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी (एनसीएल) वर्ग के उम्मीदवारों को 1,180 रुपये आवेदन शुल्क जमा करना होगा, जबकि एससी, एसटी, पीडब्ल्यूबीडी और ईएसएम श्रेणी के उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क में छूट दी गई है।