
www.khabarfast.com
बरोदा विधानसभा उपचुनाव पर तैयारियां तेज
सोनीपत में बीजेपी कार्यकर्ता की बैठक आयोजित
चुनाव प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष ने किया संबोधित
बरोदा उपचुनाव हमारे लिए अवसर- जेपी दलाल
बीजेपी के लिए खून बहाएंगे- ओपी धनखड़
सोनीपत: सोनीपत के बरोदा विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है. गुरूवार को बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ओपी धनखड़ और चुनाव प्रभारी कृषि मंत्री जेपी दलाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया. पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार करते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि देश-प्रदेश में जो भरोसा जनता ने बीजेपी पर किया है. उस पर हमें खरा उतरना है. देश की जनता ने दूसरी बार देश की बागडोर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को और प्रदेश की कमान मुख्यमंत्री मनोहर लाल को सौंपी है. अब जनता के विश्वास को कायम रखना हमारी जिम्मेदारी है.
बता दे कि, कृषि मंत्री और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने गुरूवार को सोनीपत के जिला कार्यालय में कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे. इसके बाद प्रेस को संबोधित किया और बरोदा उपचुनाव को लेकर बीजेपी की जीत का आश्वासन दिया. बरोदा उपचुनाव का प्रभारी बनाए गए कृषि मंत्री ने कहा कि यह चुनाव हमें एक अवसर के रूप में मिला है. बरोदा की जनता भी सरकार में हिस्सेदारी को उत्सुक है. सीएम मनोहर लाल ऐसे पहले मुख्यमंत्री हैं, जिन्होंने सभी 90विधानसभाओं का दौरा कर बिना किसी भेदभाव के विकास के नये आयाम स्थापित किये हैं. बरोदा में भी विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री ने सैंकड़ों करोड़ रुपये की राशि प्रदान की है. साथ ही उन्होंने कहा कि नंदीशालाओं में बेहतरीन व्यवस्था के लिए नीति बनाई जा रही है. गोवंश के सम्मान की दिशा में सफल कदम बढ़ाये गये हैं.
प्रेस को संबोधित करते हुए हरियाणा बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष ओपी धनखड़ का कहना है कि सोनीपत एक ऐतिहासिक स्थान है, जिससे उनका पुराना गहरा नाता रहा है. एबीवीपी के छात्र काल से उन्होंने संपूर्ण समाज सेवा के क्षेत्र में कार्य की शुरुआत यहीं से की थी. उन्होंने कहा कि बीजेपी ऐसी पार्टी है जहां एक साधारण कार्यकर्ता प्रधानमंत्री, पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश का मुख्यमंत्री बन सकता है जबकि, शेष राजनीतिक दलों में परिवारवाद हावी है. बीजेपी का परिवार उसके अपने कार्यकर्ता हैं. परिवार का भाव ही हमारी ताकत है. बीजेपी में कोई रूकावट नहीं है. यहां खुला आसमान है जो जितनी मेहनत करता है, उतना आगे बढ़ता है. बीजेपी में धन-बल की जरूरत नहीं है क्योंकि यहां पसीना बहाने वाले चाहिए.
गुरूवार को अपने संबोधन में धनखड़ ने वन नेशन-वन मार्केट की नीति को किसानों के लिए फायदेमंद करार दिया. उन्होंने कहा कि इससे किसानों और आढ़तियों को दोहरा लाभ मिलेगा. मार्केट में नए खरीददार उत्पन्न होंगे. साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि मंडी, एमएसपी और सरकारी खरीद को बंद नहीं किया जाएगा. पुरानी व्यवस्था ज्यों की त्यों ही रहेगी, जिसे बदला नहीं जाएगा. इसलिए लोगों को विपक्षी दलों के दुष्प्रचार में फंसने की जरूरत नहीं है. प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि विपक्षी दल प्रदेश सरकार के सुधारों को घोटालों का नाम देकर जनता को बरगलाने का प्रयास भी कर रहे हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार पूर्ण पारदर्शिता स्थापित कर रही है. जनता से कोई बात छिपाई नहीं जाती है.
Leave a comment