Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में पुरुष क्रिकेट के कुछ नॉकआउट मुकाबलों के समय में बदलाव किया गया है। नए शेड्यूल के अनुसार दोपहर में होने वाले मैच अब जापान के समय के मुताबिक दोपहर 2 बजे के बजाय 1:30 बजे शुरू होंगे। इसका सीधा असर भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के क्वार्टर फाइनल मुकाबले पर भी पड़ेगा। हालांकि, महिला क्रिकेट के मैचों के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
28 सितंबर को भारत का क्वार्टर फाइनल
भारतीय टीम को पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता में सीधे क्वार्टर फाइनल में जगह मिली है। भारत का क्वार्टर फाइनल मुकाबला 28 सितंबर को जापान के स्थानीय समय के अनुसार दोपहर 1:30 बजे शुरू होगा। जापान भारत से 3 घंटे 30 मिनट आगे है। ऐसे में भारतीय दर्शक यह मुकाबला सुबह 10 बजे से देख सकेंगे। सुबह होने वाले मुकाबलों के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है। ये मैच जापान के समय के अनुसार सुबह 9 बजे यानी भारत में सुबह 5:30 बजे शुरू होंगे।
सेमीफाइनल और गोल्ड मेडल मैच का समय भी बदला
समय में बदलाव सिर्फ क्वार्टर फाइनल तक सीमित नहीं है। 1 अक्टूबर को होने वाला दूसरा सेमीफाइनल भी जापान के समय के अनुसार दोपहर 1:30 बजे शुरू होगा। भारत के इस मुकाबले में पहुंचने की संभावना है। इसके बाद 3 अक्टूबर को गोल्ड मेडल मैच भी दोपहर 1:30 बजे से खेला जाएगा। वहीं पहला क्वार्टर फाइनल, जिसमें पाकिस्तान शामिल है, पहला सेमीफाइनल और ब्रॉन्ज मेडल मैच सुबह 9 बजे से ही शुरू होंगे।
फ्लडलाइट नहीं होने से बदला शेड्यूल
रिपोर्ट के मुताबिक, जापान में शाम जल्दी हो जाती है और जिस मैदान पर क्रिकेट मैच होने हैं, वहां फ्लडलाइट की सुविधा नहीं है। पुरुषों के मैच लंबे चल सकते हैं, इसलिए आयोजकों ने मुकाबले आधा घंटा पहले शुरू करने का फैसला किया है। हालांकि, बदलाव की जानकारी अभी सभी संबंधित अधिकारियों तक नहीं पहुंची है। भारतीय ओलंपिक संघ के अधिकारियों ने भी कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं मिली है। दूसरी ओर, आधिकारिक वेबसाइट पर नया समय अपडेट कर दिया गया है।
महिला क्रिकेट का समय पहले जैसा
अफगानिस्तान, जापान, नेपाल, हॉन्ग कॉन्ग, मलेशिया और ओमान के शुरुआती दौर के मैचों के समय में कोई बदलाव नहीं हुआ है। महिला क्रिकेट के मुकाबले भी तय कार्यक्रम के अनुसार सुबह 9 बजे और दोपहर 2 बजे होंगे। भारत और जापान के बीच 22 सितंबर का टी20 मैच एशियन गेम्स क्रिकेट का हिस्सा नहीं है। यह मुकाबला जापानी समय के अनुसार दोपहर 1 बजे यानी भारतीय समयानुसार सुबह 9:30 बजे शुरू होगा। एशियन गेम्स 2026 का आयोजन 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक आइची-नागोया में होगा।
भारतीय पुरुष टीम
एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम में श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उप-कप्तान), नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वैभव सूर्यवंशी और यश ठाकुर शामिल हैं।
Also read: IND vs AFG: वैभव सूर्यवंशी की बढ़ सकती है मुश्किलें, होम डेब्यू पर टिकी फैंस की नजर