प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में चर्चा में आई नाबालिग लड़की की मां ने भावुक अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने उनकी बेटी को माफ कर उसे "जीवनदान" दिया है। अब उनकी मांग है कि बेटी के खिलाफ दर्ज एफआईआर भी वापस ली जाए, ताकि वह सामान्य जीवन जी सके। हाल ही में यह मामला तब सामने आया था, जब छात्र प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक नारे लगाने का आरोप लगा। इस मामले में नोएडा पुलिस ने एक शिकायत के आधार पर जीरो एफआईआर दर्ज की थी। एफआईआर में आरोपी का नाम रुचिका सिंह और उम्र 25 वर्ष बताई गई थी। हालांकि, लड़की की मां का कहना है कि एफआईआर में नाम और उम्र दोनों गलत दर्ज किए गए हैं।
अपने किए पर गहरा पछतावा है- लड़की की मां
लड़की की मां ने कहा कि उनकी बेटी अपनी गलती मान चुकी है और उसे अपने किए पर गहरा पछतावा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्होंने एक बेटी को माफ कर बड़ी उदारता दिखाई है। मां ने कहा कि अब उनकी बेटी का नया जीवन शुरू हुआ है और वह चाहती हैं कि उसके खिलाफ दर्ज मामला भी खत्म कर दिया जाए। उन्होंने प्रधानमंत्री से यह भी अनुरोध किया कि 18 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर सख्त नियम बनाए जाएं। उनका कहना है कि छोटे बच्चे आसानी से दूसरों के बहकावे में आ जाते हैं और उन्हें सही-गलत की पूरी समझ नहीं होती। इसलिए उन्हें पढ़ाई पर ध्यान देना चाहिए और सोशल मीडिया या विरोध प्रदर्शनों से दूर रखना चाहिए।
गाली-गलौज किसी समस्या का समाधान नहीं- प्रधानमंत्री
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी छात्र प्रदर्शन के दौरान लगाए गए आपत्तिजनक नारों पर संयम और माफी की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि गाली-गलौज किसी समस्या का समाधान नहीं है। ऐसे बच्चों को सजा देने के बजाय सही रास्ता दिखाने की जरूरत है। उन्होंने समाज से भी अपील की थी कि ऐसे मामलों में बच्चों को सुधारने का मौका दिया जाए। एफआईआर दर्ज होने के बाद नाबालिग लड़की ने एक वीडियो जारी कर हाथ जोड़कर प्रधानमंत्री और पूरे देश से माफी मांगी थी। उसने कहा कि वह केवल 15 साल की है और दूसरों के कहने पर उसने गलत शब्दों का इस्तेमाल किया। लड़की ने कहा कि उसे अपने किए पर बहुत शर्मिंदगी है और यह उसकी पहली और आखिरी गलती है। उसने देशवासियों और प्रधानमंत्री से उसे माफ करने की अपील की। फिलहाल यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि लड़की की मां की एफआईआर वापस लेने की अपील पर आगे क्या फैसला लिया जाता है।
Also read: E20 पेट्रोल को लेकर अरविंद केजरीवाल का फूलप्रूफ दावा, मैकेनिक लेकर समझाया गाड़ियों पर इसका असर