Amitabh Bachchan bomb threat: मुंबई में एक बार फिर धमकी भरे ईमेल ने हड़कंप मचा दिया है। इस बार निशाने पर हैं बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन और पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ। मुंबई की मेयर रितु तावड़े और नगर निगम आयुक्त अश्विनी भिड़े को गुरुवार सुबह करीब 10 बजे एक धमकी भरा ईमेल मिला है। ईमेल में अमिताभ बच्चन के बंगले 'जलसा' समेत पूरे मुंबई में बम विस्फोट, ड्रोन और ग्रेनेड हमले करने की धमकी दी गई है। इस ईमेल के सामने आते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर आ गई हैं।
दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट भी निशाने पर
ईमेल भेजने वालों ने दिलजीत दोसांझ को भी धमकी दी है। शुक्रवार को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में दिलजीत का बड़ा कॉन्सर्ट होने वाला है। ईमेल में दिलजीत से माफी मांगने की मांग की गई है और 'मराठी भाइयों' से अपने बच्चों की रक्षा करने को कहा गया है।इतना ही नहीं, 27 नवंबर को होने वाले शो में आने वाले लोगों को जमीन पर पड़े किसी भी आईफोन को न उठाने की चेतावनी भी दी गई है। ईमेल में कहा गया है कि अगर दिलजीत का तीन घंटे का कॉन्सर्ट नहीं रोका गया, तो अगले 30 दिनों तक पूरे मुंबई में ग्रेनेड हमले किए जाएंगे।
मेट्रो में IED का दावा
धमकी भरे इस ईमेल में ये भी दावा किया गया है कि अलग-अलग मेट्रो ट्रेनों में IED से भरे बैग रखे गए हैं। साथ ही लोगों को 27 नवंबर से 31 दिसंबर के बीच मेट्रो में सफर न करने की चेतावनी दी गई है।
Also read: अब आसानी से होगी हाई शुगर-फैट और नमक वाले पैकेट बंद खाने की पहचान, सुप्रीम कोर्ट का FSSAI को निर्देश
पुलिस ने क्या कहा?
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस ईमेल में खालिस्तान समर्थक नारे और 1984 के सिख विरोधी दंगों का भी जिक्र है। ईमेल के आखिर में भेजने वाले ने दो संगठनों के नाम लिखे हैं।पुलिस का कहना है कि पिछले कुछ दिनों में इस तरह के फर्जी यानी हॉक्स ईमेल की संख्या बढ़ गई है। खासकर शुक्रवार को होने वाले दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को देखते हुए पुलिस ने उनकी सुरक्षा व्यवस्था पहले ही बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस ईमेल भेजने वाले का पता लगाने में जुटी है।