Virendra Shewag Calls Aryavir:भारत और पाकिस्तान के बीच अंडर-19 एशिया कप का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। भारतीय टीम ने पाकिस्तान को एक विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। इस ऐतिहासिक जीत के बाद पूर्व भारतीय विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग ने अपने पिता से फोन पर बात की। इस दौरान आर्यवीर ने बताया कि मैच के आखिरी पलों में वह बेहद नर्वस थे और करीब एक घंटे तक 'सीता-राम, सीता-राम' का जाप कर रहे थे। आर्यवीर की यह बात सुनकर सहवाग ने भी बेटे के साथ हुई बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया।
आर्यवीर सहवाग ने अपने पिता वीरेंद्र सहवाग से बातचीत में फाइनल मुकाबले के आखिरी ओवरों का रोमांच साझा किया। उन्होंने बताया कि जब मैच भारत के हाथ से निकलता दिखाई दे रहा था, तब वह लगातार भगवान का नाम जप रहे थे। आर्यवीर ने कहा, "एक घंटे से मैं बैठा था, सीता-सीता राम का जाप कर रहा था कि भाई कुछ हो जाए। फिर इन्होंने चौका लगाकर मैच जिताया। आखिरी ओवर का रोमांच था। मैं जाप कर रहा था। आखिरी गेंद पर 3 रन चाहिए थे। बॉलर बैटिंग कर रहे थे। फिर एक चौका लगा और जीत के बाद सब पागल हो गए।"
बेटे की बात सुन भावुक हुए सहवाग
वीरेंद्र सहवाग ने बेटे आर्यवीर के साथ हुई बातचीत का वीडियो अपने एक्स हैंडल पर शेयर किया। इसके साथ उन्होंने लिखा कि बेटा बता रहा था कि वह मैच के दौरान कितना नर्वस था और लगातार 'सीता राम, सीता राम' का जाप कर रहा था। सहवाग ने लिखा कि प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार जीतने से लेकर फाइनल के रोमांचक पलों को याद करने तक, बेटे के साथ यह बातचीत उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने आगे लिखा, "कुछ पल अवॉर्ड्स, रनों और ट्रॉफियों से भी बड़े होते हैं। ये ऐसी यादें हैं जिन्हें एक पिता हमेशा संजोकर रखेगा। तुम हमेशा जमीन से जुड़े रहो और अपनी मेहनत और हुनर से आसमान की ऊंचाइयों को छुओ। श्री सीताराम।"
फाइनल में आर्यवीर ने खेली 58 रन की शानदार पारी
पाकिस्तान के खिलाफ खिताबी मुकाबले में आर्यवीर सहवाग ने अपने पिता की तरह पारी की शुरुआत करते हुए शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 61 गेंदों में 58 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने कप्तान लक्ष्य रायचंदानी के साथ दूसरे विकेट के लिए 17.4 ओवर में 95 रन की अहम साझेदारी की। लक्ष्य ने भी 80 रन की शानदार पारी खेली। इस मजबूत शुरुआत ने भारत को 338 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने में महत्वपूर्ण मदद की। भारतीय टीम ने आखिरी समय तक संघर्ष करते हुए एक विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
पूरे टूर्नामेंट में आर्यवीर का जलवा
आर्यवीर सहवाग का प्रदर्शन केवल फाइनल तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने पूरे अंडर-19 एशिया कप में शानदार बल्लेबाजी की। पांच पारियों में उन्होंने 90.25 की औसत से कुल 361 रन बनाए।इस दौरान आर्यवीर के बल्ले से एक शतक और तीन अर्धशतक निकले। उनके लगातार शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुना गया। अब पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल की जीत और पिता के साथ उनकी यह बातचीत सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है।
Also read: AUS vs ENG:ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज ने डेब्यू मैच में ही बरपाया कहर, इंग्लैंड को किया चित; चटकाए 5 विकेट