Janjatiya Gaurav Divas: महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में 'जनजातीय गौरव दिवस' कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें पीएम मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े। इस दौरान पीएम मोदी ने लगभग 3,000 करोड़ रुपये की लागत वाली 246 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया और उनकी आधारशिला रखी। प्रधानमंत्री ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस एक ऐसा पर्व है जिससे जनजातीय समाज का गौरव जुड़ा हुआ है। आज देशभर में जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम हो रहे हैं और देश अपने आदिवासी नायक और नायिकाओं को गर्व से याद कर रहा है।
15 नवंबर 2021 से जनजातीय गौरव दिवस की शुरूआत
15 नवंबर 2021 से जनजातीय गौरव दिवस की शुरूआत हुई थी और आज यह राष्ट्रीय उत्सव बन चुका है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि एक समय था, जब देश में अनेक दिवस और उत्सव विदेशी दृष्टिकोण से तय होते थे। लेकिन आज भारत अपनी विरासत को, अपने इतिहास को, अपने नायकों को स्वदेशी स्वाभिमान के साथ याद कर रहा है। ये हमारी राष्ट्रीय चेतना में आए एक बड़े परिवर्तन का प्रतीक है। उन्होंने देश की दो बड़ी उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि पहली उपलब्धि है देश के करीब 50 करोड़ लोगों की भीषण गरीबी को परास्त करना और दूसरी उपलब्धि है, देश का नक्सलवाद, माओवादी आतंक से मुक्ति पाना। पीएम ने कहा कि सरकार ने उन क्षेत्रों पर भी विशेष ध्यान दिया, जो लंबे समय तक विकास में पीछे रह गए थे। देश के 100 से अधिक आकांक्षी जिलों और 500 से अधिक आकांक्षी ब्लॉकों में विशेष अभियान चलाया गया, जिनमें बड़ी संख्या में जनजातीय आबादी वाले क्षेत्र शामिल हैं।
Also read: DTU में प्रोफेसर बनने का सुनहरा मौका! 84 पदों पर बंपर भर्ती, जानिए योग्यता और लास्ट डेट
"माओवाद और नक्सलवाद खत्म हो चुका है"
अब पीएम कृषि धन धान्य योजना के तहत कृषि के क्षेत्र में पिछड़े 100 जिलों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि सरकार ने संकल्प लिया था कि जो विकास की परियोजनाओं से वंचित रहे उन्हें प्राथमिकता मिले। देश के जो आदिवासी इलाके पिछड़ों में भी पिछड़े होते थे, उन पर सरकार ने अपना पूरा सामर्थ्य लगाया है। पीएम जनमन योजना और धरती आबाद जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, इन दोनों योजनाओं के लिए 1 लाख करोड़ से ज्यादा का बजट बनाया गया है। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से 5 लाख तक के मुफ्त इलाज की सुविधा दी गई है। पीएम ने कहा कि गढ़चिरौली समेत देश के सभी आदिवासी समाज के लोग जानते हैं कि नक्सलवाद ने सबसे ज्यादा नुकसान जनजातीय समाज का ही किया था। 2014 में देश के करीब 125 जिले माओवाद और नक्सलवाद से पीड़ित थे। तब की सरकारों ने माओवाद प्रभावित लोगों को उन्हीं के हाल पर छोड़ दिया था। आज माओवाद और नक्सलवाद खत्म हो चुका है।