HARYANA NEWS: हरियाणा के सिरसा में डीएसपी मुख्यालय आदर्श दीप सिंह ने आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मीडिया से रूबरू होकर ‘अभेद्य’ मोबाइल एप के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि बढ़ते अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए हरियाणा पुलिस द्वारा एक महत्वपूर्ण और सराहनीय पहल की गई है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में लगातार बढ़ रहे धमकी भरे कॉल, रंगदारी के मामलों को ध्यान में रखते हुए हरियाणा पुलिस के महानिदेशक माननीय अजय सिंघल ने ‘अभेद्य’ मोबाइल एप लॉन्च किया है। यह कदम नागरिकों की सुरक्षा को सुदृढ़ करने के साथ-साथ अपराधियों के खिलाफ एक मजबूत तकनीकी कवच के रूप में कार्य करेगा।‘अभेद्य’ एप को देश का अपनी तरह का पहला मोबाइल आधारित सुरक्षा प्लेटफॉर्म माना जा रहा है। यह एप विशेष रूप से संदिग्ध कॉल्स, धमकी भरे संदेश, स्टॉकिंग और अन्य साइबर खतरों से उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा के लिए विकसित किया गया है। इसके माध्यम से हरियाणा तकनीकी सुरक्षा के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों में शामिल हो गया है।
मीडिया से बातचीत में डीएसपी आदर्श दीप सिंह ने बताया कि वर्तमान समय में अपराधी इंटरनेट कॉलिंग, फर्जी नंबरों और विदेशी नेटवर्क का इस्तेमाल कर लोगों को डराने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में ‘अभेद्य’ एप उपयोगकर्ताओं को पहले से सतर्क करता है और संभावित खतरों को रोकने में मदद करता है। डीएसपी ने बताया कि यह एप विदेशी और अनजान नंबरों से आने वाली कॉल और संदेशों को ब्लॉक करने, संदिग्ध चैट, वॉयस नोट और नोटिफिकेशन को हटाने तथा अंतरराष्ट्रीय कॉल्स की निगरानी करने में सक्षम है।
मानसिक दबाव और भय से मिलेगी राहत
इस एप की विशेषता यह है कि यह उपयोगकर्ताओं को मानसिक दबाव और भय से राहत प्रदान करता है, जिससे वे सुरक्षित महसूस करें। उन्होंने बताया कि यह एप एंड्रॉयड और एप्पल दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है, लेकिन इसे डाउनलोड करने के लिए पुलिस विभाग से अनुमति आवश्यक है। नागरिक संदिग्ध या धमकी भरी कॉल आने पर एसपी ऑफिस, साइबर सेल या अपने नजदीकी थाना और चौकी में संपर्क कर अधिकृत एक्सेस प्राप्त कर डाउनलोड कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल द्वारा लॉन्च किया गया यह एप नागरिकों की सुरक्षा के लिए एक प्रभावी डिजिटल प्लेटफॉर्म है।