Aaj Ka Mausam 5 September 2026: देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, 5 सितंबर को दिल्ली, बिहार समेत 17 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही कई इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पूर्वी भारत में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और वज्रपात का खतरा भी बना हुआ है। वहीं, पहाड़ी इलाकों का रुख करने वाले पर्यटकों को भी सतर्क रहने की जरूरत है, क्योंकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, आज 5 सितंबर को देश के 17 राज्यों में मौसम खराब रहने की आशंका है। दिल्ली बिहार, यूपी, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, गुजरात, महाराष्ट्र, असम, मेघालय और केरल में भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है। वहीं, पूर्वी भारत के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ वज्रपात और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है। जिनकी रफ्तार 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।
दिल्ली, यूपी में बिगड़ेगा मौसम का मिजाज
दिल्ली और उत्तर प्रदेश में आज मौसम का मिजाज बिगड़े रहने की संभावना है। दिल्ली में 5 सितंबर को मध्यम बारिश के साथ आंधी का अलर्ट जारी किया गया है, इस दौरान हवाएं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। वहीं तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है। वहीं, उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश और आंधी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मेरठ, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, हापुड़, आगरा, मथुरा, कानपुर, प्रयागराज, गोरखपुर, देवरिया समेत कई इलाकों में मौसम खराब रहने की आशंका है।
पहाड़ी राज्यों में मौसम का हाल
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में आज मौसम खराब रहने की आशंका है। उत्तराखंड के नैनीताल, चमोली, देहरादून, पिथौरागढ़, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी है, जहां हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। देहरादून में अधिकतम तापमान 24 और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं, हिमाचल प्रदेश के चंबा, शिमला, मंडी, सिरमौर, सोलन, कांगड़ा, किन्नौर और ऊना में भारी बारिश व तेज हवाओं का अलर्ट है, जहां हवा 50 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है। मनाली में तापमान 13 डिग्री अधिकतम और 6 डिग्री न्यूनतम रह सकता है। इसके अलावा, जम्मू-कश्मीर के कुलगाम, अनंतनाग, जम्मू, मुजफ्फराबाद, रामबन, किश्तवाड़, बारामूला और राजौरी में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।