Aaj Ka Mausam 21 July 2026: देशभर में एक बार फिर मानसून ने अपना कहर मचाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक, लगभग पूरे भारत में भारी बारिश का दौर अगले तीन दिनों तक जारी रहेगा। IMD ने 22 जुलाई को देश के 18 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। साथ ही इस दौरान 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान भी लगया गया है। साथ ही पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन खतरा भी बढ़ गया।
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, औसत समुद्र तल पर मानसून ट्रफ अपनी सामान्य स्थिति के करीब बनी हुई है, जबकि हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में निचले ट्रोपोस्फेरिक स्तर पर ऊपरी हवा का साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है। इसके प्रभाव से अगले 8 घंटों के भीतर पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, बिहार, झारखंड, हरियाणा, केरल, ओडिशा समेत 18 राज्यों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 30 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, कई इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका है। वहीं, IMD ने 22 से 25 जुलाई तक अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के तटीय क्षेत्रों में तेज हवाओं को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है।
राजधानी दिल्ली में आज यानी 22 जुलाई को मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की उम्मीद जताई है। पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहने की उम्मीद है। वहीं वहीं उत्तर प्रदेश के मेरठ, शामली, बागपत, बिजनौर, आगरा, मथुरा, रामपुर, बरेली, अलीगढ़, झांसी, ललितपुर, जालौन, हमीरपुर, महोबा, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, मिर्जापुर और सोनभद्र समेत कई जिलों में आज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने पहाड़ी राज्य उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल, टिहरी गढ़वाल, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा और चंपावत समेत कई जिलों में 22 से 27 जुलाई तक मध्यम से भारी बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। वहीं हिमाचल प्रदेश में चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, सोलन, किन्नौर और सिरमौर जिलों के लिए 22 जुलाई को भारी से अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। राज्य में 27 जुलाई तक कई स्थानों पर तेज बारिश और कुछ जलग्रहण क्षेत्रों में अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) का खतरा भी बना हुआ है। दूसरी ओर जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही बारिश के बीच श्रीनगर, अनंतनाग, बारामूला, पुलवामा, कुलगाम, शोपियां, गांदरबल, कुपवाड़ा, पुंछ, राजौरी, डोडा, किश्तवाड़, रामबन, उधमपुर, कठुआ, सांबा और जम्मू समेत कई जिलों में 22 जुलाई को भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।