Aaj Ka Mausam 10 September 2026: देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी दिल्ली समेत देश के 15 राज्यों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही IMD ने इन्हीं राज्यों के लिए तेज बारिश के साथ आंधी-तूफान और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। इसको लेकर मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।
IMD ने देश के 15 राज्यों में भारी बारिश और आंधी-तूफान की संभावना को देखते हुए अलर्ट जारी किया है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश समेत हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, झारखंड, छत्तीसगढ़, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र, गुजरात और पंजाब में मौसम खराब रहने का अनुमान है। इस दौरान कई इलाकों में तेज बारिश के साथ हवाओं की रफ्तार 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
दिल्ली और यूपी में कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली में 10 सितंबर को मौसम साफ रहने का अनुमान है, लेकिन 11 सितंबर से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। 11 सितंबर को आसमान में घने बादल छाए रह सकते हैं, जबकि 12 और 13 सितंबर को भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। 14 सितंबर को मौसम फिर साफ होने की संभावना है, लेकिन 15 सितंबर को एक बार फिर तेज बारिश हो सकती है। वहीं, उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, बहराइच, गाजीपुर, आजमगढ़, वाराणसी, फुरसतगंज, लखीमपुर खीरी, प्रयागराज, कानपुर, गौतम बुद्ध नगर और जौनपुर में गरज-चमक के साथ तेज बारिश की चेतावनी है। इस दौरान 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। राजधानी लखनऊ में आज बादल छाए रहने की संभावना है।
बिहार में आज कई जिलों में मौसम खराब रहने की संभावना है। गोपालगंज, सिवान, शिवहर, पूर्वी चंपारण, कटिहार, पटना, भोजपुर, बक्सर, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, लखीसराय, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर और मुजफ्फरपुर में भारी बारिश को लेकर IMD ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान गरज-चमक के साथ तेज बारिश और करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल सकती हैं। कुछ इलाकों में बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है। राजधानी पटना में आज अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।