
बॉलीवुड के जाने माने संगीतकार ए आर रहमान को संगीत के जरिए एशियाई संस्कृति में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए जापान के शीर्ष सांस्कृतिक सम्मान ग्रांड फुकुओका पुरस्कार 2016 पुरस्कार से नवाजा गया है। इस पुरस्कार के तहत संगीतकार रहमान को फ्राम द हार्ट- द वर्ल्ड ऑफ ए आर रहमान्स म्यूजिक विषय पर व्याख्यान देने के लिए बुलाया गया है। यह सम्मान प्रत्येक वर्ष दिया जाता है। जापान के फुकुओका शहर में 1990 में इस सालाना पुरस्कार देने की व्यवस्था की गई थी। इसका मुख्यय उद्देश्य एशिया की अनोखी और विविधतापूर्ण संस्कृति को संरक्षित और प्रोत्साहित करने के लिए काम करने वाले लोगों, संगठनों और समूहों को प्रोत्साहित करना है।
रहमान ने मणिरत्नम की तमिल फिल्म रोजा के साथ अपने फिल्मी करियर का आगाज किया था और राम गोपाल वर्मा की फिल्म रंगीला से वे हिंदी सिनेमा से रु-ब-रु हुए थे। इसके बाद बॉम्बे, दिल से, ताल, लगान, रंग दे बसंती, दिल्ली 6, रॉकस्टार, हाईवे और तमाशा सहित बहुत सी फिल्मों में रहमान ने अपने संगीत के जादू से फैंस को मोहित किया। डैनी बॉयल की स्लमडॉग मिलेनियर के गीत जय हो से रहमान ने हॉलीवुड में अपने संगीत का जादू बिखेरा। इस गीत ने दो एकेडमी अवार्ड और एक गोल्डन ग्लोब ट्राफी पर कब्जा किया।
Leave a comment