
ऑस्कर से सम्मानित भारत के जाने माने साउंड इंजीनियर रेसुल पूकुट्टी ने एक बार फिर से देश का सिर गर्व से ऊंचा किया है। बेस्ट साउंड की श्रेणी में उन्हें इंडियाज डॉटर डॉक्यूमेंट्री के लिए 63वें मोशन पिक्चर साउंड एडीटर्स के गोल्डन रील अवार्ड से सम्मानित किया गया है। पूकुट्टी यह अवार्ड जीतने वाले पहले एशियाई है। निर्भया कांड पर आधारित डॉक्यूमेंट्री का निर्देशन ब्रिटिश नागरिक लेज्ली उडविन ने किया है। भारत में इसके प्रदर्शन को प्रतिबंधित कर दिया गया था। पूकुट्टी ने टि्वटर पर अपनी खुशी जाहिर की।
लॉस एंजिलिस से उन्होंने कहा, इंडियाज डॉटर के लिए गोल्डन रील अवार्ड जीतकर सम्मानित महसूस कर रहा हूं। मेरे लिए यह असाधारण मान्यता है। साथ ही इस डॉक्यूमेंट्री के लिए काम करने वाले और इस घटना के खिलाफ सड़क पर उतरने वाले हर व्यक्ति के लिए यह अविश्वसनीय और अप्रतिम है। दिसंबर, 2012 में दिल्ली में सामूहिक दुष्कर्म के बाद निर्भया की निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस घटना के खिलाफ पूरे देश में आक्रोश फैल गया था। पूकुट्टी ने इस सम्मान को निर्भया को समर्पित किया है।

Leave a comment