राष्ट्रपति पुतिन की प्रेमिका की क्यों हो रही चर्चा? रूस में नाम लेना भी है गुनाह

राष्ट्रपति पुतिन की प्रेमिका की क्यों हो रही चर्चा? रूस में नाम लेना भी है गुनाह

Russain President Putin Girlfriend: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की कथित प्रेमिका और पूर्व ओलंपिक जिमनास्ट अलीना कबाएवा एक बार फिर सुर्खियों मे हैं। लंबे समय तक सार्वजनिक जीवन से दूर रहने के बाद हाल ही में उन्होंने अपनी ‘स्काई ग्रेस’ जिम्नास्टिक्स एकेडमी के ज़रिए फिर से चर्चा में आई हैं। रूस में उनकी पहचान और पुतिन के साथ कथित संबंधों पर हमेशा से पर्दा पड़ा रहा है लेकिन, अब सवाल उठता है कि उन्होंने सार्वजनिक रूप से वापसी का यह वक्त क्यों चुना? क्या यह उनके और पुतिन के रिश्तों को लेकर कोई नई कहानी बन रही है?

दरअसल बीते साल कजान ब्रिक्स खेलों में रूस, बेलारूस, थाईलैंड, सर्बिया और ताजिकिस्तान के साथ-साथ स्काई ग्रेस क्लब के जिमनास्ट ने भी भाग लिया था। यह क्लब महज दो साल पहले बना था, लेकिन इस पर कबाएवा की गहरी छाप देखी जा सकती है। अलीना रूस की सबसे सफल एथलीट्स में गिनी जाती हैं और उन्होंने ओलंपिक समेत कई अंतरराष्ट्रीय जिम्नास्टिक्स प्रतियोगिताओं में परचम लहराया है लेकिन, हाल के वर्षों में उनकी खेल से ज्यादा पहचान राष्ट्रपति पुतिन के साथ उनके कथित रिश्तों की वजह से बनी है।

रिपोर्ट मे दो बच्चे होने का दावा   

पुतिन ने कभी भी कबाएवा के साथ अपने संबंधों को सार्वजनिक रूप से नहीं स्वीकारा है। एक रिपोर्ट के अनुसार, 2008में जब इस बारे में सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा था कि वे उन लोगों को पसंद नहीं करते जो दूसरों की निजी जिंदगी में ताक-झांक करते हैं। 2015में भी उन खबरों का खंडन किया गया, जिनमें दावा किया गया था कि कबाएवा ने पुतिन के बच्चे को जन्म दिया है। हालांकि, हाल ही में प्रकाशित एक इन्वेस्टिगेटिव रिपोर्ट में यह दावा किया गया कि उनके दो बच्चे हैं।

कबाएवा को मिल रही वीवीआईपी सुविधाएं

2022 में जब रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध अपने चरम पर था, तब कबाएवा ने स्काई ग्रेस नामक अंतरराष्ट्रीय जिम्नास्टिक्स क्लब की स्थापना की थीं। इस क्लब को रूस की प्रमुख गैस कंपनी गज़प्रोम से करीब 20 मिलियन डॉलर की इमारत मिली थी। ताकी पूरी सुविधाएं मिले।  आमतौर पर रूस में किसी खेल संस्था को इस तरह की सुविधाएं नहीं मिलतीं, लेकिन यह क्लब अपने खुद के नियम तय करता है और टूर्नामेंट्स के आयोजन का विशेषाधिकार रखता है। एक खेल पत्रकार के अनुसार स्काई ग्रेस ऐसा क्लब है, जो पूरी तरह से अपने नियमों पर चलता है।  यह अपने हिसाब से टूर्नामेंट्स का आयोजन करता है और अपने तरीके से अवॉर्ड भी देता है। हाल ही में कबाएवा के क्लब के खिलाड़ियों ने यूरोप में कुछ प्रतियोगिताओं में भाग लिया है। जबकि रूस के अन्य क्लबों को प्रतिबंधों की वजह से ऐसा मौका नहीं मिला।

Leave a comment