
What Is Donkey Route: अमेरिका ने अवैध तरीके से प्रवेश करने वाले भारतीय नागरिकों को वापस भेजने की प्रक्रिया को तेज कर दिया है। आज दोपहर अमेरिकी सेना का विमान 205भारतीय प्रवासियों को लेकर अमृतसर पहुंचेगा। ये सभी लोग "डंकी रूट" के जरिए अमेरिका पहुंचे थे। इनमें पंजाब और हरियाणा जैसे राज्यों के लोग शामिल हैं, जो बेहतर जिंदगी की तलाश में अमेरिका गए थे, लेकिन अब उन्हें वापस भेजा जा रहा है।
बता दें कि,अमेरिका ने अब तक 5000भारतीय नागरिकों को वापस भेजने की योजना बनाई थी। जबकि कुल 18,000लोगों की सूची में ये प्रवासी शामिल हैं। आज की फ्लाइट में अधिकतर वही लोग होंगे, जिन्होंने अवैध तरीके से अमेरिका का रुख किया था। फिलहाल राज्य सरकारों और गृह मंत्रालय को इन लोगों की पहचान के बारे में जानकारी नहीं है। एनआईए, पुलिस और गृह मंत्रालय इस मामले पर अलर्ट हैं, क्योंकि इनमें से कुछ लोग आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो सकते हैं।
क्या है डंकी रूट?
"डंकी रूट" एक अवैध मार्ग है, जिसके जरिए लोग अमेरिका, ब्रिटेन और अन्य देशों में पहुंचते हैं। यह शब्द पंजाबी भाषा से आया है, जिसका मतलब है एक स्थान से दूसरे स्थान तक कूदते हुए जाना। लोग ट्रैवल एजेंट्स की मदद से अवैध दस्तावेज तैयार करते हैं और इस रूट का इस्तेमाल करते हैं। इस रूट का फायदा उठाकर अपराधी और गैंगस्टर भी विदेश भाग जाते हैं। कई लोग बेहतर जीवन की तलाश में इस रास्ते को अपनाते हैं, हालांकि इसमें उन्हें आर्थिक नुकसान और कभी-कभी जान का खतरा भी होता है।
डंकी रूट पर पंजाब सरकार का रुख
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि राज्य सरकार लौटे हुए लोगों से दोस्ताना व्यवहार करेगी। लेकिन जिनका अपराधिक इतिहास होगा, उनकी पहचान करके कार्रवाई की जाएगी। एक ट्रैवल एजेंट ने बताया कि पंजाब, हरियाणा और पश्चिम उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए यह रास्ता और भी खतरनाक हो सकता है, जिससे वे भारी रकम गंवाते हैं। इस रूट का इस्तेमाल मुख्य रूप से पश्चिमी देशों के लिए किया जाता है, जहां एंट्री मिलना कठिन होता है।
केरल, तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों में भी डंकी रूट का प्रभाव बढ़ रहा है। इन राज्यों के लोग भी बेहतर जिंदगी की तलाश में इस रास्ते का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन बाद में उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
Leave a comment