Delhi Election: दिल्ली के सभी 70 सीटों पर मतदान आज, 19 % दागी उम्मीदवार आजमाएंगे अपनी किस्मत

Delhi Election: दिल्ली के सभी 70 सीटों पर मतदान आज, 19 % दागी उम्मीदवार आजमाएंगे अपनी किस्मत

Delhi Election Latest News: दिल्ली के सभी 70 विधानसभा सीटों पर आज मतदान होना है। इसको लेकर चुनाव आयोग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। कुछ समय बाद ही वोट की ताकत का इस्तेमाल करके दिल्ली की जनता तमाम नेताओं के भविष्य का फैसला करेगी। 10 साल से सत्ता की चाबी अपने पास रखने वाली आम आदमी पार्टी एकबार फिर वापसी को लेकर चुनावी मैदान में है। आप ने कुल 70 उम्मीदवारों को टिकट दिया है। वहीं, करीब दो दशक से दिल्ली में राजनीतिक वनवास काट रही BJP इस बार सत्ता में आने के लिए खूब मेहनत कर रही है। इन दोनों के अलावा कांग्रेस ने भी इस चुनाव में जमकर प्रचार किया। 15 सालों तक दिल्ली की कमान अपने पास रखने वाली कांग्रेस की हालत पिछले तीन विधानसभा चुनाव में शून्य हो गई थी। इस चुनाव में कांग्रेस कुछ सीटों पर ताकतवर नजर आ रही है। 
 
19% प्रत्याशी दागी
 
जहां तक उम्मीदवारों की बात है कि कुल 699 प्रत्याशी चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। आप ने 70, भाजपा ने 68, और कांग्रेस ने सभी 70 सीटों पर अपने प्रत्याशी को उतारा है। भाजपा ने दो सीटें सहयोगी पार्टियों को दी हैं। इसमें JDU ने बुराड़ी और LJP-R ने देवली सीट से प्रत्याशी उतारे हैं। वहीं CPI ने 6, CPM और CPI-ML ने 2-2 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं। इसके अलावा BSP 70 और AIMIM 12 सीटों पर चुनाव लड़ रही हैं। चौंकाने वाली बात ये है कि कुल उम्मीदवारों में से 19 % दागी हैं। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म की रिपोर्ट के अनुसार, 132 उम्मीदवार आपराधिक छवि के हैं। इनमें से 81 पर हत्या, किडनैपिंग, बलात्कार जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। 13 महिला उम्मीदवारों के खिलाफ भी मामला दर्ज हैं। ADR की रिपोर्ट के अनुसार, 5 उम्मीदवार की संपत्ति 100 करोड़ रुपए से अधिक है। वहीं, आधी आबादी यानी महिलाओं को समान हक के तमाम दावों का पोल इस चुनाव में खुल गया है। 699 उम्मीदवारों में महिला की संख्या सिर्फ 96 है। 
 
चुनाव आयोग ने कसी कमर
 
गौरतलब है कि आज कुल 1.56 करोड़ मतदाता अपने लोकतांत्रिक ताकत का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 83.76 लाख पुरुष और 72.36 लाख महिला मतदाता की संख्या है।  इसके लिए चुनाव आयोग ने लोगों के सुविधा को देखते हुए व्यवस्था की है। पूरे दिल्ली में कुल 13,766 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। इन बूथों में CCTV भी लगाया गया है। वहीं, सुरक्षा को लेकर खास निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही चुनाव से लेकर मतगणना तक भारी सुरक्षा व्यवस्था का इंतजाम किया गया है। आज पूरे दिल्ली में करीब 42 हजार पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों को तैनात किया गया है। जितने भी संवेदनशील बूथों पर वहां पुलिस और अर्धसैनिक बलों की साथ में तैनाती हुई है। इसके साथ ही तमाम टीवी चैनलों को यह निर्देश भी दिया गया है कि आज शाम 6.30 तक एग्जिट पोल के प्रकाशन या प्रचार पूरी तरह प्रतिबंधित है।

Leave a comment