महाराष्ट्र की 29 नगर निगमों में आज मतदान, दिग्गजों ने किया मतदान , मुंबई में पहले दो घंटे में सिर्फ 7% मतदान

Maharashtra Polls 2026: महाराष्ट्र की 29 नगर निगमों में आज मतदान हो रहा है। यह चुनाव राज्य की शहरी राजनीति के लिए बेहद अहम है, खासकर देश की सबसे अमीर सिविक बॉडी बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) पर, जहां पिछले 2017 के बाद पहली बार चुनाव हो रहे हैं। मुंबई के मतदाता BMC चुनाव में जोश नहीं दिखा रहे हैं। मुंबई में पहले दो घंटे में सिर्फ 6.98% मतदान हुआ है। मुंबई, पुणे, नासिक, नागपुर, नवी मुंबई, ठाणे और पिंपरी-चिंचवड़ जैसे बड़े शहरों में हाई-वोल्टेज मुकाबला है। कुल 3.48 करोड़ मतदाता 2,869 सीटों के लिए 15,908 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। राज्य भर में 39,092 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान सुबह 7:30 बजे शुरू होकर शाम 5:30 बजे तक चलेगा। नतीजे कल यानी 16 जनवरी आएंगे।
बेहद कड़ा है मुकाबला
बीएमसी के 227 वार्डों में सियासी मुकाबला बेहद कड़ा है। यहां बीजेपी 137 सीटों पर, शिवसेना 90 सीटों पर और एनसीपी 94 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। शिवसेना (यूबीटी) ने 163 उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि मनसे 52 सीटों पर मैदान में है। कांग्रेस ने मुंबई में 143 और वीबीए ने 46 उम्मीदवार खड़े किए हैं. कांग्रेस ने राज्य के अन्य हिस्सों में कुल 1,263 प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतारे हैं।
दिग्गजों ने किया मतदान
दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर मुंबई में बीएमसी चुनावों के लिए अपना वोट डालने के लिए एक मतदान केंद्र पर पहुंचे। जहां पहुंचकर उन्हौने मतदान किया। एक्टर नाना पाटेकर गुरुवार सुबह मुंबई में एक पोलिंग बूथ पर चल रहे बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) चुनावों में वोट डालने पहुंचे। उन्होंने बताया कि वह सिर्फ अपना वोट डालने के लिए पुणे से तीन घंटे का सफर करके आए हैं। म्यूजिशियन विशाल डडलानी ने BMC चुनाव के लिए मतदान किया है। उन्होंने कहा, "उम्मीद है, जो भी जीतेगा, वह समय पर चुनाव करवाएगा। यह देश के लिए, लोकतंत्र के लिए बहुत जरूरी है। नागपुर नगर निगम चुनाव में वोट डालने के बाद आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने कहा, "NOTA का विकल्प चुनकर आप अप्रत्यक्ष रूप से अवांछित उम्मीदवार को बढ़ावा देते हैं।" वहीं मुंबई में अभिनेता अक्षय कुमार बीएमसी चुनावों में अपना वोट डालने के लिए गांधी शिक्षण भवन स्थित मतदान केंद्र पर पहुंचे।
Leave a comment