VinFast Electric Cars: वियतनाम की कंपनी VinFast ने भारतीय बाजार के लिए दो नई इलेक्ट्रिक कारें तैयार करने की योजना बनाई है। रॉयटर्स से बातचीत में पांच सूत्रों ने बताया कि कंपनी ने भारत में अपनी रणनीति में बदलाव किया है। कंपनी अब मौजूदा ग्लोबल मॉडल को भारतीय बाजार के हिसाब से बदलने के बजाय भारत के लिए नए इलेक्ट्रिक वाहन विकसित करने पर ध्यान दे रही है। कंपनी के इन दोनों नए मॉडल को फिलहाल अंदरूनी तौर पर VF X और VF Y नाम दिया गया है। सूत्रों के मुताबिक, VinFast ने भारत में कई सप्लायर्स के साथ शुरुआती बातचीत भी शुरू कर दी है। हालांकि, अभी योजना शुरुआती चरण में है और इसमें बदलाव की संभावना बनी हुई है। कंपनी ने नए मॉडल को लेकर टिप्पणी करने से इनकार किया है।
पिछले साल हुई थी फैक्ट्री शुरू
VinFast ने पिछले साल भारत में अपनी पहली फैक्ट्री शुरू की थी। कंपनी ने भारत में करीब 2 अरब डॉलर निवेश करने की प्रतिबद्धता जताई है। उसका लक्ष्य भारत को दक्षिण एशिया, मध्य पूर्व और अफ्रीका के लिए एक बड़े मैन्युफैक्चरिंग सेंटर के रूप में विकसित करना है। दरअसल, कंपनी ने जुलाई में भारत में अपने तीन मौजूदा ग्लोबल मॉडल VF 3, VF 6 और VF 7 के उत्पादन की योजना रोक दी थी। कंपनी को लगा कि इन वाहनों की लागत इतनी कम करना मुश्किल होगा कि उन्हें तय कीमत पर भारतीय बाजार में बेचा जा सके। फिलहाल भारत में VF 6 और VF 7 मॉडल बिक रहे हैं। इनकी किट वियतनाम से आती है और भारत की फैक्ट्री में इन्हें असेंबल किया जाता है।
कंपनी कर रही है कार बनाने की तैयारी
अगस्त में VinFast के अधिकारियों ने भारत आकर करीब 200 स्थानीय सप्लायर्स के साथ बैठक की थी। कंपनी अब नए मॉडल के विकास की शुरुआत से ही भारतीय कंपनियों को जोड़ना चाहती है, ताकि लागत और कीमत को पहले ही नियंत्रित किया जा सके। कंपनी भारत के लिए एक छोटी और किफायती इलेक्ट्रिक कार बनाने की तैयारी में है। यह कार मौजूदा VF 6 से छोटी लेकिन VF 3 से थोड़ी बड़ी हो सकती है। इसका मकसद भारतीय ग्राहकों की उस पसंद को पूरा करना है, जिसमें कम कीमत के साथ ज्यादा जगह वाली कार की मांग रहती है।
कितनी होगी कार की कीमत?
जानकारी के मुताबिक, VF X को एंट्री लेवल मॉडल के तौर पर पेश किया जा सकता है और इसकी कीमत 12 हजार डॉलर यानी करीब 10 लाख रुपये से कम रखने का लक्ष्य है। यह भारत के बड़े इलेक्ट्रिक कार बाजार में कंपनी की सीधी एंट्री होगी, जहां Tata Motors की मजबूत पकड़ है। भारत में इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री तेजी से बढ़ रही है। फिलहाल कुल कार बिक्री में इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी 7 फीसदी से ज्यादा है और सरकार का लक्ष्य 2030 तक इसे 30 फीसदी तक पहुंचाने का है। VinFast ने सितंबर 2025 में भारत में कारों की बिक्री शुरू की थी और अब तक करीब 10 हजार वाहन बेच चुकी है। कंपनी की भारतीय फैक्ट्री की शुरुआती क्षमता 50 हजार कार सालाना है, जिसे बढ़ाकर 1.5 लाख तक किया जा सकता है। कंपनी को फैक्ट्री के दूसरे चरण के विस्तार के लिए निवेश की मंजूरी भी मिल चुकी है।
Also read: 'वह दुनिया में तहलका मचा चुका है', वैभव सूर्यवंशी का जिक्र करते हुए PSL पर फूटा वसीम अकरम का गुस्सा