Vinesh Phogat Comeback: भारतीय स्टार पहलवान विनेश फोगाट की कुश्ती मैट पर वापसी फिलहाल अधर में लटक गई है। Wrestling Federation of India यानी WFI ने उन्हें 10 से 12 मई तक गोंडा में होने वाले नेशनल ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट में हिस्सा लेने से रोक दिया है। यह वही टूर्नामेंट था, जिसके जरिए विनेश फोगाट लंबे समय बाद मैट पर वापसी करने वाली थीं। लेकिन वापसी से पहले ही WFI ने उन्हें 15 पन्नों का कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया। महासंघ ने उन पर अनुशासनहीनता, एंटी-डोपिंग नियमों के उल्लंघन, भारतीय कुश्ती की छवि खराब करने और नियमों का पालन नहीं करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
WFI ने किया दावा
WFI ने साफ कहा है कि विनेश 26 जून 2026 तक किसी भी घरेलू प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए पात्र नहीं होंगी। महासंघ के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय संस्था United World Wrestling यानी UWW के एंटी-डोपिंग नियमों के तहत संन्यास के बाद वापसी करने वाले खिलाड़ी को कम से कम छह महीने पहले नोटिस देना जरूरी होता है। WFI का दावा है कि विनेश ने यह प्रक्रिया पूरी नहीं की। नोटिस में Paris Olympics 2024 के वजन विवाद, एंटी-डोपिंग नियमों और ट्रायल्स में दो अलग-अलग वेट कैटेगरी में खेलने जैसे मामलों का भी जिक्र किया गया है।
विनेश ने लगाया था आरोप
पिछले कुछ समय से विनेश और WFI के बीच विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। हाल ही में विनेश ने आरोप लगाया था कि महासंघ जानबूझकर उनकी वापसी रोकने की कोशिश कर रहा है और उन्हें नेशनल रैंकिंग चैंपियनशिप के लिए रजिस्ट्रेशन तक नहीं करने दिया गया। हालांकि बाद में उनका रजिस्ट्रेशन स्वीकार कर लिया गया था, लेकिन अब उन्हें टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया है।
WFI ने लागू किए नियम
WFI ने हाल ही में चयन के लिए नए नियम भी लागू किए हैं। इन नियमों के अनुसार केवल वही पहलवान एशियन गेम्स ट्रायल्स में हिस्सा ले पाएंगे, जिन्होंने 2025 या 2026 की प्रतियोगिताओं में मेडल जीता हो। चूंकि विनेश ने पेरिस ओलंपिक 2024 के बाद कोई प्रोफेशनल मुकाबला नहीं खेला है, इसलिए उनका एशियन गेम्स तक पहुंचना भी मुश्किल नजर आ रहा है। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या विनेश फोगाट इस फैसले को चुनौती देंगी और WFI उनके जवाब के बाद अपना फैसला बदलता है या नहीं।
Also read: IPL 2026: मैदान पर पूरन और क्रुणाल के बीच क्या हुआ? कॉलर पकड़ने की घटना का सच आया सामने