Uttrakhand News: मां नंदा देवी की आस्था और कुमाऊं-गढ़वाल की सांस्कृतिक एकता को मजबूत करने के उद्देश्य से अल्मोड़ा से कुमाऊं का एक शिष्टमंडल मां नंदा लोक जात यात्रा में शामिल होने के लिए रवाना हुआ। मां नंदा देवी मंदिर समिति के नेतृत्व में निकला यह शिष्टमंडल चंद वंशज राजा करन चन्द्र राज सिंह उर्फ ‘के.सी. सिंह बाबा’ और युवराज नरेंद्र चन्द्र राज सिंह के निर्देशानुसार यात्रा में कुमाऊं का प्रतिनिधित्व करेगा।
शिष्टमंडल यात्रा के दौरान चेपड़ो मंदिर में पूजा-अर्चना कर मां नंदा-सुनंदा का आशीर्वाद लेगा और इसके बाद गढ़वाल से निकल रही लोक जात यात्रा में शामिल होगा। कुमाऊं का ध्वज लेकर यह प्रतिनिधिमंडल यात्रा में सहभागिता करेगा। बताया गया कि 25 सितंबर को यात्रा के समापन अवसर पर सिद्धपीठ देवराड़ा में विशेष पूजा-अर्चना के बाद मां नंदा देवी राजराजेश्वरी को गर्भगृह में विराजमान कराया जाएगा।
मां नंदा उत्तराखंड की पहचान- मनोज वर्मा
मंदिर समिति के अध्यक्ष मनोज वर्मा ने कहा कि मां नंदा केवल कुमाऊं की आराध्य देवी नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान हैं। कुमाऊं की ओर से इस यात्रा में सहभागिता से दोनों मंडलों के बीच सदियों से चली आ रही धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक एकता को और मजबूती मिलेगी।
मंदिर समित के अन्य सदस्य रहे मौजूद
इस यात्रा में कुमाऊं का नेतृत्व मंदिर कमेटी के व्यवस्थापक नरेंद्र वर्मा, देवेंद्र चौहान, गोपाल रावत, चंदन रावत, ललित पांडे, रक्षित साह, गणेश साह, पियूष वर्मा, पारस पालनी, मनन साह और हिमांशु मेर सहित लगभग 25 रणबांकुरे कुमाऊं के पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ कर रहे हैं। भवाली नंदा देवी मंदिर से कंचन सुयाल, लोकेश जोशी सहित अन्य लोग भी शिष्टमंडल में शामिल हैं।
शिष्टमंडल के रवाना होने के अवसर पर मंदिर समिति के अध्यक्ष मनोज वर्मा, सचिव मनोज सनवाल, कोषाध्यक्ष हरीश बिष्ट, व्यवस्थापक अनुप साह, मुख्य सांस्कृतिक संयोजक अर्जुन सिंह बिष्ट चीमा सहित समिति के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। इस दौरान सभी ने मां नंदा-सुनंदा से यात्रा के सफल, मंगलमय और निर्विघ्न संपन्न होने की कामना की। मां नंदा के जयकारों के बीच शिष्टमंडल को रवाना किया गया। मां नंदा लोक जात यात्रा में कुमाऊं की यह सहभागिता उत्तराखंड की साझा आस्था, सांस्कृतिक विरासत और कुमाऊं-गढ़वाल की एकता का संदेश दे रही है।
Also read: चारधाम यात्रा में 50 लाख पार श्रद्धालु, अब उत्तराखंड-UP में बनेगा नीम करौली बाबा सर्किट, सतपाल महाराज का बड़ा ऐलान