Uttrakhand News:नैनीताल के धारी ब्लॉक की ग्राम सभा महतोलियागांव-नदगल के ग्रामीणों की दशकों पुरानी मोटर मार्ग की मांग आखिरकार पूरी होने की दिशा में बढ़ गई है। आजादी के बाद से सड़क सुविधा का इंतजार कर रहे ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत की खबर है। क्षेत्र में मोटर मार्ग निर्माण कार्य का शुभारंभ मंत्री राम सिंह कैड़ा ने किया।
मोटर मार्ग नहीं होने के कारण ग्रामीणों को मुख्य सड़क तक पहुंचने के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। मरीजों को घोड़ों या कंधे के सहारे मुख्य मार्ग तक ले जाना पड़ता था। वहीं, किसानों को अपनी कृषि उपज मंडी तक पहुंचाने में परिवहन पर काफी खर्च करना पड़ता था। कई बार उपज बेचने से मिलने वाली रकम का बड़ा हिस्सा किराये-भाड़े में ही खर्च हो जाता था।
ग्रामीणों के मुताबिक, उन्होंने पूर्व में कई जनप्रतिनिधियों के सामने मोटर मार्ग निर्माण की मांग रखी, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पाया। इसके बाद ग्रामीणों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा से सड़क निर्माण की मांग की।
मंत्री कैड़ा ने ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए पहले मोटर मार्ग निर्माण के लिए वन एवं पर्यावरण विभाग से आवश्यक स्वीकृति कराई। इसके बाद मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत विभागीय अधिकारियों को डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए। मंत्री ने मुख्यमंत्री से भी मोटर मार्ग निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत करने का अनुरोध किया।
शासन से धनराशि स्वीकृत होने के बाद अब मोटर मार्ग निर्माण कार्य का शुभारंभ कर दिया गया है। इस मौके पर मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि सड़क का निर्माण जल्द पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा। मोटर मार्ग बनने के बाद ग्रामीणों की आवागमन, स्वास्थ्य सेवाओं और कृषि उपज के परिवहन से जुड़ी समस्याओं का समाधान होगा।
उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि क्षेत्र के हर गांव को सड़क सुविधा से जोड़ा जाए और इसी दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।
मोटर मार्ग निर्माण शुरू होने पर क्षेत्र के ग्रामीणों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा का फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया और उनका आभार जताया।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष कृष्ण चंद्र, ब्लॉक प्रमुख भावना आर्य, पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख जीवन बर्गली, ललित मोहन शर्मा, प्रकाश चंद्र नानू, निर्मल बर्गली, अनिल कुमार, विवेक डंगवाल समेत प्रधानगण, क्षेत्र पंचायत सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
Also read: Uttrakhand News:सीएम धामी के कुशल यात्रा प्रबंधन ने चारधाम यात्रा को दी नई गति, पहली बार पहुंचे 7.84 लाख से अधिक श्रद्धालु