Uttarakhand News: उत्तराखंड के हरिद्वार की रानीपुर कोतवाली पुलिस और सीआईयू की संयुक्त टीम ने ई-रिक्शा की आड़ में यात्रियों को लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने ई-रिक्शा चालक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से लूट की नकदी, मोबाइल और दस्तावेजों के साथ वारदात में इस्तेमाल ई-रिक्शा और हथियार बरामद किए गए हैं।
यह पूरा मामला 12 सितंबर की रात का है, जब सिडकुल के राजा बिस्कुट चौक से ई-रिक्शा में बैठे पवन कुमार को आरोपियों ने सुनसान रास्ते पर ले जाकर नुकीली चीज दिखाकर धमकाया और करीब 10 हजार रुपये, मोबाइल, बैग समेत अन्य सामान लूट लिया था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और रविवार रात लीडो क्लब के पास संदिग्ध ई-रिक्शा में सवार तीन युवकों को रोककर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में तीनों ने लूट की वारदात कबूल कर ली। जांच के दौरान एक आरोपी के पास से पीड़ित की लूटी हुई जींस भी बरामद हुई, जिसे वह पहनकर घूम रहा था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान श्रवण कुमार, विजय और आयुष उर्फ अनिकेत के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी नशे और अपने शौक पूरे करने के लिए लूट की वारदातों को अंजाम देते थे। तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।