Usman Khawaja: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने 2018 के बॉल-टैम्परिंग स्कैंडल को लेकर कप्तान पैट कमिंस के हालिया बयानों पर नाराजगी जाहिर की है। ख्वाजा ने कहा कि वह कमिंस की प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही गई बातों से निराश और हैरान थे। उन्हें उम्मीद नहीं थी कि कमिंस इस तरह व्यक्तिगत तौर पर उन पर निशाना साधेंगे। ख्वाजा ने यह भी कहा कि उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले कमिंस से बातचीत कर मामले का कोई बीच का रास्ता निकालने की कोशिश की थी।
दरअसल, उस्मान ख्वाजा की ऑटोबायोग्राफी 'सब्र' (Sabrr) में 2018 के साउथ अफ्रीका दौरे पर हुए बॉल-टैम्परिंग विवाद को लेकर कई दावे किए गए हैं। ख्वाजा ने अपनी किताब में कहा कि गेंद से छेड़छाड़ की घटना की जानकारी केवल स्टीव स्मिथ, डेविड वार्नर और कैमरन बैनक्रॉफ्ट तक सीमित नहीं थी, बल्कि टीम के अन्य खिलाड़ियों को भी इसकी जानकारी थी।
उन्होंने दावा किया कि केपटाउन टेस्ट से पहले गकेबरहा में खेले गए टेस्ट के दौरान भी सैंडपेपर का इस्तेमाल किया गया था। इसके अलावा 2017-18 की एशेज सीरीज के दौरान भी गेंद की कंडीशन से छेड़छाड़ किए जाने की बात कही। ख्वाजा के मुताबिक, टीम को इस पूरे मामले की सामूहिक जिम्मेदारी लेनी चाहिए थी।
पैट कमिंस ने ख्वाजा के दावों को बताया था 'बकवास'
ख्वाजा की किताब में किए गए खुलासों के बाद ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उनके दावों को खारिज कर दिया था। कमिंस ने खास तौर पर इस बात से इनकार किया कि पूरी टीम या गेंदबाजी समूह को सैंडपेपर के इस्तेमाल की जानकारी थी। उन्होंने ख्वाजा के दावों को 'पूरी तरह बकवास' बताया था।
कमिंस ने यह भी कहा था कि किताब में किए गए दावों से उनके साथियों की प्रतिष्ठा, करियर और ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट की छवि को नुकसान पहुंच सकता है। इसके बाद अब ख्वाजा ने 'द ग्रेड क्रिकेटर' पॉडकास्ट पर पहली बार इस पूरे विवाद पर खुलकर बात की है।
कमिंस से बातचीत कर बीच का रास्ता निकालना चाहते थे ख्वाजा
Nine.com.au के मुताबिक, ख्वाजा ने बताया कि उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस से कुछ दिन पहले कमिंस को मैसेज किया था। उनका मकसद विवाद को और बढ़ाने के बजाय ऐसा रास्ता निकालना था, जिससे दोनों पक्ष एक साथ आ सकें।
ख्वाजा ने कहा, "मैंने प्रेस कॉन्फ्रेंस से कुछ दिन पहले पैट को टेक्स्ट किया था। मुझे उम्मीद थी कि वह कोई बीच का रास्ता निकाल पाएंगे, ताकि दीवारें खड़ी करने और बड़ा बंटवारा करने के बजाय हम इस मामले को खत्म कर सकें।"
उन्होंने आगे कहा कि कमिंस को अपनी हर बात स्वीकार करने की जरूरत नहीं थी, लेकिन वह चाहते थे कि दोनों पक्ष बीच का रास्ता अपनाएं और विवाद को समाप्त करें।
'यह पैट कमिंस का नहीं, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का मामला था'
ख्वाजा ने स्पष्ट किया कि उनकी किताब में किए गए दावे कमिंस को व्यक्तिगत रूप से निशाना बनाने के लिए नहीं थे। उन्होंने कहा कि उस समय कमिंस की उम्र महज 24 साल थी और इस पूरे विवाद के लिए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की 'किसी भी कीमत पर जीतने' वाली सोच जिम्मेदार थी।
ख्वाजा के मुताबिक, टीम में किसी भी खिलाड़ी को आगे आकर ऐसी गैरकानूनी गतिविधियों को रोकने की बात कहनी चाहिए थी। उन्हें लगता है कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अधिकारियों को इस मामले में नेतृत्व करना चाहिए था। उन्होंने कहा कि कमिंस के प्रति उनके मन में हमेशा सम्मान रहा है और उन्होंने अपनी किताब में भी उनकी तारीफ की है। हालांकि, प्रेस कॉन्फ्रेंस में कमिंस के व्यक्तिगत हमलों से उन्हें काफी निराशा हुई। ख्वाजा ने कहा कि उन्होंने कमिंस का यह रूप पहले कभी नहीं देखा था।
बैनक्रॉफ्ट ने भी किए थे कई खुलासे
इस विवाद में कैमरन बैनक्रॉफ्ट ने भी 'द वेस्ट ऑस्ट्रेलियन' में करीब 4,497 शब्दों का एक कॉलम लिखा था। इसमें उन्होंने गेंद से छेड़छाड़ की घटना और टीम के माहौल को लेकर अपना पक्ष रखा। बैनक्रॉफ्ट ने भी दावा किया कि सैंडपेपर के इस्तेमाल की जानकारी टीम के कई खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ को थी। ख्वाजा ने बताया कि उनकी किताब प्रकाशित होने के बाद बैनक्रॉफ्ट ने उन्हें धन्यवाद देते हुए एक संदेश भेजा था। ख्वाजा के मुताबिक, उस संदेश में बैनक्रॉफ्ट ने कहा था कि उन्होंने सही काम किया है और वह इसकी बहुत सराहना करते हैं।
वहीं, किताब के आठ साल बाद सामने आने को लेकर हो रही आलोचनाओं पर ख्वाजा ने कहा कि इतने समय बाद अपनी बात सार्वजनिक करना भी आसान नहीं था। उन्होंने साफ किया कि यह फैसला सिर्फ सुर्खियां बटोरने या किताब बेचने के लिए नहीं लिया गया था।