केरलम विधानसभा चुनाव से पहले शशि थरूर पर हमला, बीच सड़क पर रोका काफिले; गनमैन से भी की मारपीट
Shashi Tharoor's Convoy Attack: केरलम विधानसभा चुनावी प्रचार के दौरान कांग्रेस सांसद शशि थरूर के काफिले पर शुक्रवार शाम को हमला किया गया। मलप्पुरम जिले के वंडूर के चेल्लिथोड इलाके में उपद्रवियों के एक समूह ने उनकी गाड़ी को बीच सड़क पर रोक लिया और घेर लिया। हमलावरों ने शशि थरूर पर बदसलूकी की और उन पर हाथ उठाने की कोशिश की। इतना ही नहीं जब उनके गनमैन ने रोकना चाहा, तो उन्हें भी बुरी तरह पीटा गया।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, यह घटना उस समय की है जब शशि थरूर यूडीएफ उम्मीदवार ए.पी. अनिल कुमार के समर्थन में चुनाव प्रचार अभियान पर जा रहे थे। उनके काफिले में दो वाहन थे। लेकिन अचानक बाइक सवार करीब आठ लोगों ने रास्ता रोक दिया। उपद्रवियों ने गाड़ी को आगे बढ़ने नहीं दिया, शीशों और खिड़कियों पर हमला बोला तथा अंदर घुसने की कोशिश की। स्थिति बिगड़ते देख गनमैन ने थरूर की सुरक्षा के लिए कदम बढ़ाया, लेकिन हमलावरों ने उन्हें धक्का-मुक्की कर मारपीट शुरू कर दी। गनमैन को चोटें आईं।
इसके बाद वंडूर पुलिस को तुरंत सूचना दी गई। गनमैन की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिनमें उमर (कालीकावु निवासी) शामिल है। उसके खिलाफ गैर-जमानती धाराओं में केस दर्ज किया गया। उसके अलावा दो और लोगों को भी हिरासत में लिया गया है। दो वाहन भी जब्त किए गए। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह घटना पूर्व नियोजित थी या किसी पुरानी दुश्मनी/सड़क विवाद का नतीजा।
9अप्रैल को होने है मतदान
बता दें, यह हमला केरलम विधानसभा चुनावों से ठीक पहले हुआ है, जहां 9 अप्रैल को मतदान होना है। थरूर तिरुवनंतपुरम लोकसभा सीट से सांसद हैं और यूडीएफ गठबंधन के प्रचार में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। घटना ने राज्य में चुनावी सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
दुनिया
देश
कार्यक्रम
राजनीति
खेल
मनोरंजन
व्यवसाय
यात्रा
गैजेट
जुर्म
स्पेशल
मूवी मसाला
स्वास्थ्य
शिक्षा
शिकायत निवारण
Most Popular
Leave a Reply