
मैनपुरी: यूपी के मैनपुरी में विवाहिता की हत्या कर शव को जलाने का मामला सामने आया है। लड़की वाले पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने शव को चिता से अधजली हालत में उठा लिया। लेकिन शव पूरी तरह से जल चुका था जिसके बाद पुलिस ने उसका दोबारा अंतिम संस्कार करा दिया। वहीं लड़की वालों की शिकायत पर पुलिस ने ससुराली वालों के खिलाफ हत्या के बाद सबूत मिटाने के प्रयास की धाराओं में एफआईआर दर्ज की है।
आपको बता दें पूरा मामला मैनपुरीं के करहल थाना क्षेत्र के मनोना गांव से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार जनपद इटावा के भरथना निवासी ध्यानसिंह द्वारा थाना करहल पुलिस को सूचना दी गई कि उसकी बेटी सुषमा की ससुराली जनों द्वारा हत्या कर दी गई और शव को जलाने का प्रयास किया जा रहा है। जिसके बाद पुलिस तत्काल ग्राम मनोना पहुंच गई। पुलिस के आने की सूचना मिलते ही ससुराली जन जलती चिता को छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने जलती चिता से अधजला शव उतार लिया लेकिन शव पूरी तरह जल चुका था जिसके बाद पुलिस ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
मृतिका सुषमा के पिता ध्यानसिंह की तहरीर पर पुलिस ने पति कौशल, देवर अरुण, सास सुनीता और ससुर प्रभु दयाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली। पुलिस अब आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। मायके पक्ष के लोगों ने ससुराली जनों पर दहेज हत्या का आरोप भी लगाया है। 2 वर्ष पूर्व ही मृतका सुषमा की शादी हुई थी।
Leave a comment